नूरमहल चौराहे पर खतरे का पोल: मुख्य मार्ग पर लटका हुआ बिजली की खंभा, किसी भी दिन हो सकता है बड़ा हादसा – Nakodar News
जालंधर के नूरमहल-फिल्लौर रोड पर स्थित मोहल्ला श्री गुरु रविदास पुरा के चौराहे पर एक बिजली का खंभा खतरनाक रूप से टेढ़ा हो चुका है। यह खंभा किसी भी समय धराशायी हो सकता है, जिससे यहाँ हर वक्त एक बड़े और जानलेवा हादसे का खतरा मंडरा रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय निवासियों और राहगीरों में भारी चिंता और डर का माहौल है। यह खतरनाक स्थिति नूरमहल के वार्ड नंबर 7 में बनी हुई है। गौरतलब है कि फिल्लौर रोड एक मुख्य मार्ग है, जिसका उपयोग रोजाना भारी संख्या में वाहन चालक, पैदल चलने वाले लोग और सुबह-शाम स्कूली बच्चे करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन के समय तो यह खंभा दिखाई दे जाता है, लेकिन रात के अंधेरे में स्थिति और भी ज्यादा भयावह हो जाती है। जरा सी लापरवाही यहाँ किसी बड़ी अनहोनी का कारण बन सकती है। नगर परिषद से तुरंत कार्रवाई की मांग मोहल्ला निवासियों ने नूरमहल नगर परिषद और संबंधित प्रशासन से जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस टेढ़े हो चुके बिजली के खंभे को तुरंत सीधा करने या इसे बदलने की पुरजोर मांग की है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को किसी बड़े हादसे या जान-माल के नुकसान का इंतजार नहीं करना चाहिए। समय रहते तत्काल कार्रवाई की जाए ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को टाला जा सके।” उपप्रधान ने दिया जल्द समाधान का भरोसा इस पूरे मामले को लेकर जब नगर कौंसिल नूरमहल के उपप्रधान कुलदीप कुमार दीपा से बातचीत की गई, तो उन्होंने लापरवाही की बात को स्वीकार करते हुए सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह गंभीर मामला अभी हमारे संज्ञान में आया है। लोगों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। इस टेढ़े खंभे को जल्द से जल्द ठीक करवा दिया जाएगा, ताकि स्थानीय लोगों और राहगीरों को आने-जाने में कोई असुविधा या डर न रहे।
Source link

