मोगा में 80 पेटी अवैध शराब बरामद: होंडा सिटी कार समेत आरोपी गिरफ्तार, फर्जी नंबर प्लेट भी मिली – Moga News
मोगा पुलिस ने नशा तस्करों और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 80 पेटी अवैध शराब, एक होंडा सिटी कार और फर्जी नंबर प्लेट सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। एसएसपी सरताज सिंह चहल ने बताया कि पंजाब पुलिस के निर्देशों पर आईजी फरीदकोट रेंज और एसपी (इन्वेस्टिगेशन) मोगा की निगरानी में सीआईए स्टाफ मोगा की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बरनाला जिले के गांव जगजीतपुरा निवासी गग्गू सिंह अपने साथियों के साथ दूसरे जिलों से शराब लाकर मोगा में सप्लाई करता है। सूचना के आधार पुलिस ने की नाकेबंदी सूचना के आधार पर पुलिस ने गांव महिना के पास पुल सूआ सेम नाला लिंक रोड पर नाकाबंदी की। इस दौरान सफेद रंग की होंडा सिटी कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 80 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। बरामद शराब में 14 पेटी पंजाब ग्रीन वोडका और 66 पेटी पंजाब सोफी हीर शामिल हैं। इसके अलावा कार से एक फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 32 वर्षीय गग्गू सिंह पुत्र भगवान सिंह निवासी गांव जगजीतपुरा, जिला बरनाला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना महिना में एक्साइज एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। एसएसपी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पूछताछ के दौरान उसके साथियों और अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी के खिलाफ पहले भी विभिन्न मामलों में केस दर्ज हैं।
Source link

