अबोहर में नाबालिग को भगाने का मामला: आरोपी लड़के के मामा और सरपंच के बेटे समेत 5 गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अभी भी फरार – Abohar News
अबोहर में एक नाबालिग लड़की को सवा महीने पहले भगाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। इस मामले में लड़के के मामा और सरपंच के बेटे सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। परिजनों और पार्षदों द्वारा किए गए धरना-प्रदर्शन के बाद पुलिस ने जांच तेज की थी। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और लड़की-लड़के के ठिकाने का पता लगाया जा सके। थाना सिटी-1 पुलिस ने डीएसपी हरीश कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की। ये हैं गिरफ्तार आरोपियों के नाम गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सीड फार्म पक्का निवासी बलविंदर सिंह (लड़के का मामा), फिरोजपुर जिले के गांव गजनी निवासी लखविंदर सिंह, सीड फार्म निवासी बूटा सिंह, गांव के सरपंच का बेटा राजा पुत्र और झुग्गे के लाल निवासी जरनैल सिंह पुत्र जोगिंदर सिंह शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच में सामने आया है कि इन आरोपियों ने नाबालिग लड़की को भगाने के मामले में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग किया और मुख्य आरोपियों की मदद की। इसी आधार पर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस बोली- पूछताछ में हो सकते हैं खुलासे पुलिस का मानना है कि पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं, जिससे लड़की और लड़के तक पहुंचने में मदद मिलेगी। गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस पहले ही लड़के की मां और उसके दोस्त जगसीर सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है। इसके बावजूद मुख्य आरोपी लड़का और नाबालिग लड़की अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। मामले में कार्रवाई धीमी होने से नाराज परिजनों और स्थानीय पार्षदों ने बीते दिन प्रदर्शन कर पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की थी। धरने के दौरान पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को पांच दिन के भीतर ठोस प्रगति का भरोसा दिया था। मुख्य आरोपी की तलाश जारी इसके बाद पुलिस ने पहले ही दिन पांच लोगों को गिरफ्तार कर मामले में सफलता हासिल की है। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी लड़के, उसके नाना और नाबालिग लड़की की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है तथा जल्द ही उन्हें बरामद कर लिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान जिस भी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की भी संभावना है।
Source link

