पटियाला में पावरकॉम मुख्यालय के बाहर धरना जारी: कर्मचारियों की आवाजाही प्रभावित, प्रबंधन ने SSP से मांगी पुलिस सुरक्षा – Patiala News
पटियाला स्थित पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पावरकॉम) मुख्यालय के बाहर आउटसोर्स कर्मचारियों का धरना-प्रदर्शन लगातार जारी है। प्रदर्शन के चलते हालात तनावपूर्ण होने पर पावरकॉम प्रबंधन ने कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका जताते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पावरकॉम के निदेशक (वितरण) ने इस संबंध में एसएसपी पटियाला को अर्ध-सरकारी पत्र भेजकर मुख्यालय परिसर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने का अनुरोध किया है। पत्र में कहा गया है कि प्रदर्शनकारी मुख्य गेट को बंद कर चुके हैं और अब वैकल्पिक प्रवेश द्वार पर भी कर्मचारियों की आवाजाही प्रभावित की जा रही है। इससे कार्यालय आने-जाने वाले कर्मचारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रबंधन के अनुसार पंजाब सरकार के निर्देशों के तहत आउटसोर्स कर्मचारियों को सीधे अनुबंध पर लेने की प्रक्रिया पहले से जारी है। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी धरना जारी रखे हुए हैं, जिससे कार्यालय के नियमित कामकाज पर असर पड़ रहा है। पत्र में कर्मचारियों का रास्ता अवरुद्ध करने का जिक्र पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि हाल ही में दोपहर करीब 1:30 बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद बाहर निकल रहे कर्मचारियों का रास्ता लगभग ढाई घंटे तक अवरुद्ध रखा गया। इस दौरान कई कर्मचारी कार्यालय परिसर में फंसे रहे, जिनमें बीमार और गर्भवती महिलाएं भी शामिल थीं। इसके अलावा मुख्य सड़क पर जाम लगने से आम लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ी। पावरकॉम प्रबंधन ने कहा कि वह कर्मचारियों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार का सम्मान करता है, लेकिन किसी भी कर्मचारी के काम करने और स्वतंत्र रूप से आने-जाने के अधिकार में बाधा नहीं आनी चाहिए। प्रबंधन ने पुलिस प्रशासन से मुख्यालय के गेटों पर सुरक्षा बल तैनात कर कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने की मांग की है।
Source link

