मोगा में ट्रक यूनियन में नशा विरोधी सेमिनार: अंतरराष्ट्रीय नशा विरोधी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, चालकों से तस्करों की सूचना देने की अपील – Moga News
मोगा जिला पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय नशा विरोधी दिवस के अवसर पर नशे के बढ़ते जाल को तोड़ने और समाज को जागरूक करने के लिए एक विशेष पहल की है। वरिष्ठ पुलिस कप्तान (SSP) मोगा के दिशा-निर्देशों तथा डीएसपी सब डिवीजन मोगा सरदार जतिंदर सिंह और डीएसपी ट्रैफिक के कुशल मार्गदर्शन में ‘ट्रक यूनियन मोगा’ परिसर में एक भव्य नशा विरोधी जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। इस सेमिनार का मुख्य उद्देश्य समाज के एक बेहद महत्वपूर्ण हिस्से— ट्रक चालकों और यूनियन सदस्यों को नशे के घातक दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना था। ट्रक चालकों को किया जागरूक, बताया तस्करों पर कैसे कशें शिकंजा सेमिनार के दौरान पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित ट्रक चालकों और यूनियन सदस्यों को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया। वक्ताओं ने विस्तार से बताया कि नशा न केवल स्वास्थ्य को बर्बाद करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को गर्त में धकेल देता है। इसके साथ ही, चालकों को यह भी समझाया गया कि वे अपने सफर के दौरान नशा तस्करों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें तथा इसकी जानकारी पुलिस से साझा करें। हेल्पलाइन नंबर पर दें गुप्त सूचना, पुलिस करेगी सख्त कार्रवाई इस विशेष सेमिनार को संबोधित करने के लिए जिले के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंचे। इनमें थाना सिटी मोगा के मुख्य अधिकारी इंस्पेक्टर वरुण, थाना सिटी साउथ मोगा के मुख्य अधिकारी एसआई गुरपाल सिंह, थाना सदर मोगा के मुख्य अधिकारी इंस्पेक्टर हरविंदर सिंह और ट्रैफिक एजुकेशन सेल मोगा के इंचार्ज एएसआई केवल सिंह शामिल रहे। पुलिस अधिकारी का कहना है कि नशा हमारे समाज के लिए एक नासूर बन चुका है। पुलिस अकेले इसका खात्मा नहीं कर सकती, इसके लिए आम जनमानस का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। यदि किसी को भी अपने आसपास या सफर के दौरान नशा तस्करों के बारे में कोई पुख्ता जानकारी मिलती है, तो वह तुरंत पुलिस या विशेष हेल्पलाइन नंबर 97791-00200 पर सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा और आरोपियों पर सख्त कानूनी एक्शन लिया जाएगा। यूनियन पदाधिकारियों और भारी संख्या में चालकों ने दर्ज कराई उपस्थिति नशे के खिलाफ पुलिस की इस अनूठी मुहिम को ट्रक यूनियन का भरपूर समर्थन मिला। कार्यक्रम में ट्रक यूनियन के प्रधान आग्यापाल सिंह सहित कमेटी सदस्य गुरमीत सिंह, प्रीतम सिंह, रविंदर सिंह बिल्ला, सिंदरपाल सिंह, सुनील कुमार सोनू, सचिव गुरमीत सिंह, लखवीर सिंह लखा, जसविंदर सिंह, बूटा सिंह, गुरुद्वारा प्रधान हरनेक सिंह और सतनाम सिंह मौजूद रहे। सेमिनार में भारी संख्या में ट्रक ऑपरेटरों, ड्राइवरों और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया तथा समाज को नशा मुक्त बनाने में पुलिस का साथ देने का भरोसा दिलाया।
Source link

