मोगा पुलिस ने मेडिकल स्टोर पर की छापेमारी: 1600 प्रेगाबालिन कैप्सूल, 569 नशीली गोलियां और ड्रग मनी बरामद, संचालक गिरफ्तार – Moga News

मोगा पुलिस ने मेडिकल स्टोर पर की छापेमारी:  1600 प्रेगाबालिन कैप्सूल, 569 नशीली गोलियां और ड्रग मनी बरामद, संचालक गिरफ्तार – Moga News




मोगा जिला पुलिस ने नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री और मेडिकल नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना कोट ईसे खां पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने मसीतां रोड पर स्थित एक मेडिकल स्टोर पर अचानक छापेमारी (रेड) की। इस कार्रवाई के दौरान मौके से 1600 प्रेगाबालिन (Pregabalin) कैप्सूल, 569 प्रतिबंधित नशीली गोलियां, 9,940 रुपये की ड्रग मनी और एक कार बरामद की गई है। पुलिस ने मौके से मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका एक साथी भागने में सफल रहा। आईजी और एसएसपी के दिशा-निर्देशों पर बिछाया जाल एसएसपी मोगा सरताज सिंह चहल ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई पंजाब पुलिस के नशा विरोधी अभियान के तहत पूरी मुस्तैदी से की गई है। इस पूरी रेड को आईजी फरीदकोट रेंज नीलांबरी जगदाले विजे के दिशा-निर्देशों तथा एसपी (इन्वेस्टिगेशन) बाल कृष्ण सिंगला और डीएसपी धर्मकोट सुखविंदर सिंह बराड़ की सीधी निगरानी में अंजाम दिया गया। सटीक सूचना पर ड्रग इंस्पेक्टर के साथ पुलिस टीम ने मारी रेड मामला 24 जून 2026 का है, जब थाना कोट ईसे खां की प्रभारी इंस्पेक्टर सुनीता रानी अपनी पुलिस टीम के साथ इलाके में संदिग्धों की चेकिंग कर रही थीं। इसी दौरान ड्रग इंस्पेक्टर सोनिया गुप्ता को पुख्ता और विश्वसनीय सूचना मिली कि मसीतां रोड पर स्थित ‘प्रेम मेडिकल स्टोर’ में भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाइयों का अवैध भंडारण किया गया है और वहां से नशा बेचा जा रहा है। सूचना पर तुरंत एक्शन लेते हुए पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने मेडिकल स्टोर को चारों तरफ से घेरकर छापेमारी कर दी। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां और ड्रग मनी बरामद हुई। पुलिस ने मौके से आरोपी सचिन छाबड़ा (पुत्र प्रेम कुमार), निवासी पंडितां वाला मोहल्ला, कोट ईसे खां को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। एनडीपीएस और बीएनएस की धाराओं के तहत केस दर्ज इस मामले में पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी सचिन छाबड़ा और उसके फरार साथी सुखजीत सिंह (पुत्र जगतार सिंह), निवासी लंडे के (मोगा) के खिलाफ थाना कोट ईसे खां में मुकदमा नंबर 142 (दिनांक 24 जून 2026) के तहत एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 22, 27-बी, 61, 85 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। सप्लाई चेन और बड़े नेटवर्क को तोड़ेगी पुलिस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनीता रानी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सचिन छाबड़ा को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जा रहा है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशीली गोलियों और कैप्सूलों का यह जखीरा वह कहां से लेकर आता था और इसके मुख्य सप्लायर कौन हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इसके फरार साथी सुखजीत सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और इस मेडिकल नशा तस्करी के पूरे सिंडिकेट को नेस्तनाबूद किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *