सुल्तानपुर लोधी के विकास कार्यों पर DC की सख्ती: STP महीने के अंत तक चालू करने के निर्देश, लाइब्रेरी के लिए जगह खोजने को कहा – Kapurthala News

सुल्तानपुर लोधी के विकास कार्यों पर DC की सख्ती:  STP महीने के अंत तक चालू करने के निर्देश, लाइब्रेरी के लिए जगह खोजने को कहा – Kapurthala News




डीसी आकाश बांसल ने सुल्तानपुर लोधी स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को बिना किसी देरी के निर्धारित समय सीमा और गुणवत्ता मानकों के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान कपूरथला इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन, अर्जुन अवार्डी सज्जनसिंह चीमा, एस.डी.एम. जसजीत सिंह, पीडब्ल्यूडी एक्सियन विशाल जांगड़ाल सहित सीवरेज बोर्ड, पेडा, शिक्षा विभाग और नगर परिषद के अधिकारी मौजूद रहे। डीसी ने शहर में चल रही प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (लड़के) में चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए उन्होंने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 65 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य अगले तीन महीनों में पूरा होने की संभावना है। सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (लड़कियां) में डीसी ने संबंधित अधिकारियों को दो कक्षाओं के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। स्कूल की मुख्य इमारत पहले ही तैयार हो चुकी है और वहां कक्षाएं भी संचालित हो रही हैं। DC ने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का भी निरीक्षण किया डीसी ने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इसके संचालन और रखरखाव की समीक्षा की तथा कार्यक्षमता में सुधार के उपायों पर चर्चा की। डीसी ने एक्सियन सीवरेज को एसटीपी को इस माह के अंत तक चालू करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस सुविधा में लगाए जा रहे सोलर पावर प्लांट की प्रगति का भी जायजा लिया और पेडा अधिकारियों को विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके बाद, उन्होंने जब्बोवाल रूरल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी का दौरा कर वहां चल रहे लंबित विकास कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। डीसी ने मल्टीपर्पज खेल स्टेडियम और इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आई.सी.सी.सी.) की साइटों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को कार्य की गति तेज करने के लिए कहा। नगर परिषद द्वारा सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए स्थानों की पहचान भी कर ली गई है। DC ने पुस्तकालय के लिए स्थान खोजने के निर्देश दिए दौरे के दौरान उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों को शहर में शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए एक सार्वजनिक पुस्तकालय स्थापित करने हेतु उपयुक्त स्थान का चयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सभी स्मार्ट सिटी प्रोजेक्टों को समय पर पूरा करने तथा लोगों को आधुनिक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देकर कहा कि गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने और कार्यों की गति बढ़ाने के लिए विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि इन प्रोजेक्टों का लाभ बिना किसी देरी के लोगों तक पहुंच सके। DC ने अधिकारियों को पूर्ण हो चुके विकास कार्यों के उपयोगिता प्रमाण-पत्र यथाशीघ्र जमा करवाने के भी निर्देश दिए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *