पठानकोट के रोमांच के नाम पर न्यूयॉर्क में बना कानून: राइडर्स लॉ से Romanch’s Law हुआ नाम; परिवार ने आखिरी पल का वीडियो किया पोस्ट – Pathankot News
न्यूयॉर्क के सेंट्रल पॉर्क में हादसे का शिकार हुए पठानकोट के 18 वर्षीय रोमांच महाजन के नाम पर वहां कानून बनेगा। दरअसल, न्यूयॉर्क शहर में घोड़ों से चलने वाली गाड़ियों को चरणबद्ध तरीके से बंद करने के उद्देश्य से प्रस्तावित विधेयक का नाम 18 वर्षीय पंजाबी युवक रोमांच महाजन के सम्मान में बदल दिया गया है, जिनकी पिछले सप्ताह सेंट्रल पार्क में एक घोड़ा गाड़ी दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद मृत्यु हो गई थी। मंगलवार को सेंट्रल पार्क में रोमांच की स्मृति में आयोजित एक श्रद्धांजलि सभा के दौरान न्यूयॉर्क नगर परिषद के सदस्य क्रिस्टोफर मार्टे ने यह घोषणा की। मार्टे ने कहा कि यह कानून, जिसे पहले ‘Rider’s Law’ के नाम से जाना जाता था, अब उस किशोर की स्मृति में ‘Romanch’s Law’ कहलाएगा। मार्टे ने कहा कि पिछले हफ्ते जो हुआ वह हमारे शहर पर एक धब्बा है। मार्ते ने शोक सभा में विधेयक का नाम बदलने की घोषणा करते हुए यह बात कही। सोमवार को आयोजित शोक सभा में, मार्ते ने महाजन परिवार का एक पत्र पढ़ा जिसमें घोड़े से चलने वाली गाड़ियों की सवारी पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की गई थी। वहीं, फुटपाथ पर अपने बेटे रोमांच के शव को गोद में समेटे रोती हुई मां और उनके कंधे के पीछे खड़े छोटे भाई की तस्वीर का जिक्र करते हुए न्यूयॉर्क स्टेट सीनेटर एरिक बॉचर भावुक हो गए। उन्होंने कहा, यह तस्वीर मुझे और पूरे शहर को झकझोर रही है। अगर इस भयावह दृश्य को देखने के बाद भी हम चुप रहे और कुछ नहीं बदला, तो यह हमारे लिए डूब मरने जैसी बात होगी। क्या है राइडर्स लॉ, जिसका बदला गया नाम
इस कानून का नाम मूल रूप से राइडर नामक 26 वर्षीय घोड़े के नाम पर रखा गया था, जो अगस्त 2022 में मैनहट्टन में एक गाड़ी खींचते समय गिर गया और बाद में उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद पशु कल्याण संगठनों ने शहर में घोड़े से चलने वाली गाड़ियों के संचालन पर प्रतिबंध लगाने की मांग तेज कर दी। यदि यह विधेयक पारित हो जाता है, तो नए गाड़ी लाइसेंस जारी करना बंद करके और 1 जून, 2028 से ऐसी गाड़ियों के संचालन पर प्रतिबंध लगाकर घोड़ागाड़ी उद्योग को धीरे-धीरे समाप्त कर दिया जाएगा। रोमांच के निधन से न्यूयॉर्क की राजनीति में भूचाल
पंजाब के पठानकोट के मूल निवासी रोमांच महाजन की न्यूयॉर्क में हुई दर्दनाक मौत के बाद अब वहां की राजनीति में भूचाल आ गया है। इस पूरे मामले पर न्यूयॉर्क स्टेट सीनेटर एरिक बॉचर ने कड़ा रुख अपनाते हुए प्रशासन और नगर परिषद को सीधे आड़े हाथों लिया है। सीनेटर ने रोमांच की बहादुरी को नमन करते हुए साफ कहा कि अब समय आ गया है कि न्यूयॉर्क की सड़कों पर इस जानलेवा लापरवाही को हमेशा के लिए बंद किया जाए और ‘रोमांच्स लॉ’ को तुरंत पास किया जाए। स्टेट सीनेटर ने रोमांच को बताया बहादुर
स्टेट सीनेटर ने इस त्रासदी पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त करते हुए अपने आधिकारिक बयान में कहा, रोमांच महाजन के साथ जो हुआ, वह एक ऐसी त्रासदी है जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उस बहादुर युवक ने अपनी मां को बचाने के लिए एक अनियंत्रित, भागती हुई घोड़ा-गाड़ी से छलांग लगा दी और अपनी जान दे दी।
मैं पूरी जिम्मेदारी से कहता हूं कि उसकी मौत अपरिहार्य या अप्रत्याशित नहीं थी। इसके बारे में पहले ही कई बार चेतावनी दी गई थी कि इस घने शहरी माहौल में कोई न कोई मारा जाएगा। रोमांच की मौत शत-प्रतिशत टाली जा सकती थी। सिटी काउंसिल स्पीकर को सीनेटर की दो टूक
इस घटना के बाद तैयार किए गए बिल, जिसे अब ‘रोमांच लॉ’ कहा जा रहा है, को लेकर सीनेटर ने साफ रुख अपनाया है। उन्होंने सिटी काउंसिल की स्पीकर जूली मेनॉन को अगले महीने इस बिल पर सुनवाई रखने के लिए धन्यवाद तो दिया, लेकिन साथ ही चेतावनी भी दी। सीनेटर ने कहा, हमें सिर्फ सुनवाई करके बैठ नहीं जाना है। इस बिल को चर्चा से आगे बढ़ाकर तुरंत पास करना होगा। यह कानून सालों पहले पास हो जाना चाहिए था। परिवार ने शेयर की रोमांच के आखिरी सफर की भावुक वीडियो
रोमांच की इस अप्रत्याशित मौत से पूरे पठानकोट में शोक का माहौल है। ऐसे में परिवार ने एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर शेयर की है। जिसमें पठानकोट से अमेरिका के लिए निकले रोमांच की हर एक्टिविटी को दिखाया गया है। इस वीडियो में रोमांच प्लेन में बैठा, अमेरिका में ड्राइविंग करता और स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी सहित अन्य स्थानों पर घूमता नजर आ रहा है। वीडियो के अंत में रोमांच उस बग्गी पर बैठता दिखा जिससे गिरने पर उसकी मौत हुई।
Source link

