पठानकोट के शिव विहार में गहराया जल संकट: लोगों का गुस्सा फूटा, 10 दिनों से बूंद-बूंद को तरसे लोग, कल DC दफ्तर घेरने की चेतावनी – Pathankot News

पठानकोट के शिव विहार में गहराया जल संकट:  लोगों का गुस्सा फूटा, 10 दिनों से बूंद-बूंद को तरसे लोग, कल DC दफ्तर घेरने की चेतावनी – Pathankot News




पठानकोट के वार्ड नंबर 12 स्थित शिव विहार कॉलोनी के निवासियों का गुस्सा पिछले 10 दिनों से पेयजल (पीने के पानी) की आपूर्ति ठप होने के चलते फूट पड़ा। कॉलोनी वासियों ने प्रशासनिक अनदेखी के खिलाफ जोरदार रोष प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जाहिर करते हुए मांग की कि इस गंभीर समस्या का तुरंत स्थाई समाधान किया जाए। फिलहाल, निवासियों ने मांग की है कि जब तक तकनीकी खराबी दूर कर पानी की सप्लाई चालू नहीं होती, तब तक प्रभावित परिवारों के लिए तुरंत सरकारी पानी के टैंकर भेजे जाएं। दूर-दराज से पानी लाने को मजबूर महिलाएं कॉलोनी वासियों ने बताया कि पिछले दस दिनों से नल सूखे पड़े हैं, जिसके कारण उन्हें दैनिक जीवन के सामान्य कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पानी न आने से खाना बनाने, कपड़े धोने और नहाने जैसे बेहद जरूरी घरेलू काम पूरी तरह ठप हो गए हैं। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने रोष जताते हुए कहा कि वे भीषण गर्मी में आस-पास के अन्य इलाकों से पानी ढोकर लाने को मजबूर हैं और जैसे-तैसे गुजारा कर रही हैं। प्रशासन ने नहीं भेजे टैंकर, निजी टैंकरों से बढ़ा आर्थिक बोझ प्रदर्शनकारियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इतने दिनों से पानी न आने के बावजूद प्रशासन ने प्रभावित इलाके में पानी का एक भी सरकारी टैंकर उपलब्ध नहीं कराया है। अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए मजबूरन लोगों को भारी पैसे देकर निजी टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है, जिससे आम परिवारों पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ रहा है। लोगों का कहना है कि वार्ड पार्षद और प्रशासन को कई बार लिखित व मौखिक शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक नतीजा सिफ़र रहा है। अधिकारियों के टालमटोल रवैये से बढ़ी परेशानी: जोती इस मौके पर वार्ड पार्षद परिवार के सदस्य बलविंदर कुमार जोती भी निवासियों के समर्थन में आगे आए। उन्होंने बताया कि शिकायत मिलते ही उन्होंने तुरंत संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को वस्तुस्थिति से अवगत करा दिया था। जोती ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकारी अधिकारियों का टालमटोल वाला ढुलमुल रवैया ही आज जनता की इस भारी परेशानी का मुख्य कारण बना हुआ है। कल डीसी कार्यालय के बाहर धरने की चेतावनी बलविंदर कुमार जोती और शिव विहार कॉलोनी के वासियों ने प्रशासन को दोटूक चेतावनी दी है कि यदि आज शाम तक कॉलोनी में पेयजल की सुचारु आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो कल यानी वीरवार को समस्त निवासी उपायुक्त (DC) कार्यालय पठानकोट के बाहर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर देंगे। नेताओं ने साफ किया कि इसके बाद पैदा होने वाले हालातों की पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *