तरनतारन में CHO-NHM कर्मचारियों की हड़ताल जारी: स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित, मांगें न मानीं तो 2 जुलाई को CM आवास घेरेंगे – tarn-taran News
तरनतारन में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स (CHO) और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों की हड़ताल बुधवार को भी जारी रही। अपनी लंबित मांगों को लेकर 22 जून से शुरू हुए इस आंदोलन के कारण पंजाब भर में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर सरकार और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। सूबा प्रेसिडेंट डॉ. सुनील तरगोत्रा ने बताया कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में ‘बराबर काम बराबर वेतन’, लॉयल्टी बोनस की बहाली, नए इंसेंटिव परफॉर्मेंस सिस्टम को वापस लेना, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स के पोस्ट और कैडर को मंजूरी देना, वेतन और इंसेंटिव का विलय, बीएएमएस योग्यता वाले सीएचओ को एनपीए देना तथा मुश्किल क्षेत्र भत्ता बहाल करना शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि हड़ताल शुरू होने के बाद भी सरकार ने कोई गंभीर पहल नहीं की और न ही यूनियन प्रतिनिधियों के साथ सार्थक बातचीत की गई है। इसके चलते आयुष्मान आरोग्य केंद्रों, एनसीडी स्क्रीनिंग, टीबी नियंत्रण कार्यक्रम, ओपीडी सेवाओं और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं पर व्यापक असर पड़ा है। CM आवास के बाहर धरने की चेतावनी कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो 2 जुलाई 2026 को संगरूर स्थित मुख्यमंत्री आवास के बाहर राज्य स्तरीय विशाल धरना दिया जाएगा। इस प्रदर्शन में पंजाब भर से हजारों कर्मचारियों के शामिल होने की संभावना है। डॉ. तरगोत्रा ने बताया कि विरोध के तहत कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स और एनएचएम कर्मचारियों ने पल्स पोलियो अभियान की ड्यूटी का भी बहिष्कार कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी सभी जायज मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक ऑनलाइन और ऑफलाइन कार्य बंद रखे जाएंगे और संघर्ष जारी रहेगा।
Source link

