अबोहर में राजस्थान पुलिस पर हमला: वांछित आरोपी को छुड़ाकर फरार कराया, पति-पत्नी समेत 15 के खिलाफ केस दर्ज – Abohar News

अबोहर में राजस्थान पुलिस पर हमला:  वांछित आरोपी को छुड़ाकर फरार कराया, पति-पत्नी समेत 15 के खिलाफ केस दर्ज – Abohar News




पंजाब के अबोहर में राजस्थान पुलिस पर हमला हुआ है। हनुमानगढ़ जिले के संगरिया थाने की टीम एक वांछित आरोपी को पकड़ने गई थी, तभी ग्रामीणों ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई कर आरोपी को छुड़ा लिया। इस मामले में बहाववाला थाना पुलिस ने पति-पत्नी सहित 3 नामजद और 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, संगरिया थाने में दर्ज एक आपराधिक मामले में अजीत सिंह और पवन कुमार उर्फ काली वांछित थे। सहायक थानेदार जसकरण सिंह के नेतृत्व में राजस्थान पुलिस की एक टीम को सूचना मिली थी कि पवन कुमार उर्फ काली पंजाब के गांव कंधवाला अमरकोट में छिपा हुआ है। इसी सूचना पर पुलिस टीम गांव पहुंची और उसकी तलाश शुरू की। पुलिस की जांच के दौरान पता चला कि पवन कुमार गांव निवासी राजकुमार उर्फ राजू की वर्कशॉप पर मौजूद था। जब पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लेने का प्रयास किया, तो राजकुमार और उसकी पत्नी ने इसका विरोध किया। आरोप है कि दोनों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और शोर मचाकर अन्य ग्रामीणों को भी मौके पर बुला लिया। 10 से ज्यादा लोगों ने पुलिस को घेरा पुलिस के मुताबिक, कुछ ही देर में 12 अन्य लोग भी वहां पहुंच गए और पुलिस टीम के साथ हाथापाई करने लगे। इसी दौरान, वांछित आरोपी पवन कुमार उर्फ काली को पुलिस हिरासत से छुड़ा लिया गया। आरोपी बाद में एक बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद राजस्थान पुलिस ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के आधार पर बहाववाला पुलिस ने पवन कुमार उर्फ काली, राजकुमार उर्फ राजू, उसकी पत्नी तथा 10-12 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, आरोपी को छुड़ाने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *