फाजिल्का पुलिस ने स्नेचिंग गिरोह पकड़ा: नाबालिग सहित 4 गिरफ्तार, दो आरोपी फरार, कुर्ता पजामा पहने लोगों को बनाते थे शिकार – Fazilka News
फाजिल्का शहर में मोबाइल और अन्य कीमती सामान झपटने (स्नैचिंग) की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह के खिलाफ सिटी थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस गिरोह के एक नाबालिग सहित चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह शहर में लगातार सक्रिय था और राहगीरों को निशाना बना रहा था। फिलहाल पकड़े गए आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है। सिटी थाना के एसएचओ (SHO) परमजीत कुमार ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी फाजिल्का के ही अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं। पकड़े गए आरोपियों में साहिल और गौतम शामिल हैं, जो डेरा सच्चा सौदा कॉलोनी, फाजिल्का के निवासी हैं। वहीं तीसरे आरोपी की पहचान अजय सिंह के रूप में हुई है, जो आनंदपुर मोहल्ला का रहने वाला है। इनके साथ ही एक नाबालिग को भी राउंडअप किया गया है। वारदात का अनोखा तरीका: कुर्ता-पजामा पहनने वाले होते थे टारगेट पुलिस पूछताछ में इस गिरोह के काम करने के तरीके (Modus Operandi) को लेकर एक दिलचस्प और हैरान करने वाला खुलासा हुआ है। एसएचओ परमजीत कुमार ने बताया कि यह गिरोह विशेष रूप से उन लोगों को अपना शिकार बनाता था जो कुर्ता-पजामा पहने होते थे। ऐसे लोगों को निशाना बनाना इनके लिए आसान होता था और मौका देखते ही ये मोबाइल झपटकर फरार हो जाते थे। एक मोबाइल बरामद, दो फरार साथियों की तलाश जारी पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फिलहाल स्नैचिंग का एक मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि गिरोह के दो सदस्य अभी भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। एसएचओ कहा कि फरार आरोपियों के पकड़े जाने पर बड़े पैमाने पर चोरी और स्नैचिंग के मोबाइल व अन्य सामान की रिकवरी (बरामदगी) होने की पूरी संभावना है। रिमांड के दौरान पकड़े गए आरोपियों से शहर में हुई अन्य वारदातों के बारे में भी गहनता से पूछताछ की जाएगी।
Source link

