लुधियाना में विवाद सुलझाने गए बुजुर्ग की हत्या: पत्नी बोली- 4 लोगों ने हमला किया, जमीन पर पटका, गोली चलाई; पूर्व सरपंच का भाई था – Ludhiana News
लुधियाना में जमीन के पुराने विवाद को सुलझाने गए एक बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सविंदर सिंह उर्फ बिंदर के रूप में हुई है, जो गांव के पूर्व सरपंच के भाई थे। फिलहाल थाना डैहलों में आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत कई संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं मृतक का आज पोस्टमार्टम होगा। पुलिस को दिए बयान में मृतक की पत्नी परमजीत कौर ने बताया कि 23 जून को गांव में जमीन से जुड़ा एक विवाद चल रहा था। उनके पति सविंदर सिंह (70 साल) अपने जानकार केवल सिंह और उसके बेटे गोलू के साथ मौके पर पहुंचे थे। वे केवल सिंह के भाई मेघा और उसके परिवार के बीच चल रहे जमीनी झगड़े को शांत कराने व बीच-बचाव करने गए थे। परमजीत कौर भी अपने पति के साथ मौके पर मौजूद थीं। जब सविंदर सिंह दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान मेघ सिंह, उसके लड़के गोलू, गोपी पंडित के लड़के और अन्य 4 अज्ञात व्यक्तियों ने जान से मारने की नीयत से पति पर घातक हथियारों से हमला कर दिया। हवा में पलटा और जमीन पर दे मारा उन्होंने मेरे पति को उठाकर (चंक के) हवा में पलटा और जमीन पर दे मारा, जिससे उनकी मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विवाद के दौरान वहां मौजूद गोपी नाम के युवक ने बंदूक निकालकर सविंदर सिंह पर सीधे गोली भी चलाई, जिससे वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत FIR दर्ज घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ टीबा गांव पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या), 191(3), 190 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27, 54 और 59 के तहत मुकदमा नंबर 125 दर्ज कर लिया है। एफआईआर में नामजद आरोपी एफआईआर में मेघ सिंह, गोलू और गोपी पंडित के बेटे समेत चार अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर (SI) प्रदीप सिंह को सौंपी गई है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link

