लुधियाना में प्रापर्टी कारोबारी के घर के बाहर फायरिंग: कार और जीप में की तोड़फोड़; गोलियों की आवाज सुनकर नींद खुली, 4 पर FIR – Ludhiana News
लुधियाना के शिमलापुरी इलाके में देर रात एक घर के बाहर अज्ञात हमलावरों द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार अज्ञात व्यक्ति घर के बाहर पहुंचे और करीब 10 से 12 राउंड फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। हमलावरों ने फायरिंग के साथ-साथ घर के बाहर खड़ी गाड़ियों को भी निशाना बनाया। आरोपियों ने ईंटें और गोलियां मारकर कार को क्षतिग्रस्त कर दिया, जबकि एक जीप में भी जमकर तोड़फोड़ की गई। घटना के समय परिवार घर के अंदर सो रहा था। गोलियों की आवाज सुनकर परिवार की नींद खुली गोलियों की आवाज सुनकर परिवार की नींद खुली और जब वे बाहर पहुंचे तो आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना शिमलापुरी पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रॉपर्टी डीलिंग का कारोबारी करता है काम पुलिस को दी शिकायत में रमेश कुमार निवासी गली नंबर-33, गुरु गोबिंद सिंह नगर, शिमलापुरी ने बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है और घर पर मशीनों की मरम्मत भी करता है। शिकायतकर्ता के अनुसार 23 जून 2026 की रात वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहा था। इसी दौरान उसे घर के बाहर गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही उसकी नींद खुल गई और वह तुरंत घर की छत पर चढ़ गया। 4 अज्ञात आरोपियों ने की फायरिंग रमेश कुमार ने आरोप लगाया कि उसने देखा कि चार अज्ञात व्यक्ति उसके घर के बाहर खड़े होकर लगातार फायरिंग कर रहे थे। आरोपियों ने करीब 10 से 12 राउंड फायर किए। इसके अलावा उन्होंने उसकी फोर्ड फिगो कार पर ईंटें और गोलियां मारीं, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा। घर के बाहर खड़ी एक जीप में भी तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर थाना शिमलापुरी की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना शिमलापुरी पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं 25, 54 और 59 तथा बीएनएस की धारा 324(4), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source link

