अबोहर में पीछाकर दो तस्करों को पकड़ा: भाग रहे आरोपियों की कार ईंटों से टकराई, एक घायल. दो वाहनों से 30 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद – Abohar News

अबोहर में पीछाकर दो तस्करों को पकड़ा:  भाग रहे आरोपियों की कार ईंटों से टकराई, एक घायल. दो वाहनों से 30 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद – Abohar News




फाजिल्का के अबोहर में आबकारी विभाग (Excise Department) और पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई की है। टीम ने दो युवकों को भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ दबोचा है। आबकारी इंस्पेक्टर गुरबख्श सिंह को सूचना मिली थी कि ढाणी करनैल निवासी सोनू और उसका साथी विकास दो कारों में अवैध शराब भरकर कंधवाला रोड की तरफ जा रहे हैं, जिसके बाद टीम ने जाल बिछाया। अधिकारियों के मुताबिक, जब विभागीय टीम ने संदिग्ध वाहनों का पीछा करना शुरू किया, तो आंगन एस्टेट इलाके के पास एक कार का चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे सड़क किनारे ईंटों के ढेर से जा टकराई। इस हादसे में कार चला रहा युवक सोनू घायल हो गया, जबकि उसके दूसरे साथी विकास को टीम ने मौके पर ही काबू कर लिया। आबकारी विभाग ने तुरंत इसकी सूचना सिटी-2 पुलिस को दी। तलाशी में मिली 30 पेटी शराब, पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सूचना मिलते ही एएसआई विनोद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जब दोनों दुर्घटनाग्रस्त और संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली, तो उनमें से करीब 30 पेटियां अंग्रेजी शराब बरामद हुईं। पुलिस ने शराब और दोनों कारों को अपने कब्जे में ले लिया है। एएसआई विनोद कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। घायल आरोपी का अलग दावा, पुलिस जांच में जुटी इस पूरी कार्रवाई के बीच अस्पताल में भर्ती घायल युवक सोनू ने पुलिस के दावों से अलग आरोप लगाया है। उसका कहना है कि वह अपने निर्माणाधीन मकान की तरफ जा रहा था, तभी कुछ लोगों ने उसकी गाड़ी को टक्कर मारी, उसके साथ मारपीट की और गाड़ी में जबरन शराब रखने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मारपीट की कोई पुष्टि नहीं हुई है और वह हादसे में ही घायल हुआ है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और घटनास्थल के सबूतों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *