CM मान के खिलाफ आदेश को गांवों में पहुंचाएंगे जत्थे: SGPC की बैठक में फैसला; कहा-विवादित वीडियो मामले में जल्दबाजी में निर्णय नहीं लिया – Amritsar News
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी की अगुवाई में आज अमृतसर स्थित तेजा सिंह समुंदरी हॉल में प्रचारकों, ढाडी एवं कविशर जत्थों तथा निहंग सिंह संगठनों की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के संबंध में जारी आदेश की जानकारी संगतों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार अभियान चलाना था। वीडियो मामले पर धामी का स्पष्टीकरण एडवोकेट धामी ने कहा कि मुख्यमंत्री से जुड़े विवादित वीडियो मामले में श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा कोई जल्दबाजी में निर्णय नहीं लिया गया। उन्होंने बताया कि पहले मुख्यमंत्री को जांच में सहयोग करने का अवसर दिया गया, लेकिन अपेक्षित सहयोग न मिलने के बाद सरकारी मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं से वीडियो की जांच करवाई गई। जांच रिपोर्ट में वीडियो को वास्तविक पाए जाने के बाद पांच सिंह साहिबानों ने पंथक भावनाओं के अनुरूप फैसला सुनाया। श्री अकाल तख्त साहिब सिख समुदाय की सर्वोच्च धार्मिक संस्था धामी ने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब सिख समुदाय की सर्वोच्च धार्मिक संस्था है और उसके आदेशों का सम्मान एवं पालन करना प्रत्येक सिख का कर्तव्य है। उन्होंने प्रचारकों, ढाडी और कविशर जत्थों से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर संगतों को इस आदेश की जानकारी दें तथा उन्हें इसके पालन के लिए प्रेरित करें। धार्मिक संस्था के हर आदेश पर दृढ़ता से पहरा देंगे इस अवसर पर विभिन्न वक्ताओं ने भी श्री अकाल तख्त साहिब के आदेशों के प्रति निष्ठा व्यक्त करते हुए संगतों से उनका सम्मान करने की अपील की। वहीं बाबा बलदेव सिंह वल्ल्हा की अगुवाई में निहंग सिंह जत्थेबंदियों ने भी श्री अकाल तख्त साहिब के हर आदेश पर दृढ़ता से पहरा देने और उसके सम्मान की रक्षा करने की अपनी वचनबद्धता दोहराई। बैठक में एसजीपीसी के अनेक पदाधिकारी, सदस्य, प्रचारक तथा निहंग सिंह संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Source link

