जालंधर में परिवार को बंधक बनाकर लूट: हथियारों से लैस पशु चोरों के गिरोह ने प्रवासी मजदूरों के डेरे पर किया हमला, मारपीट कर किया घायल – Jalandhar News
जालंधर के गोराया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आते बड़ा पिंड में बीती रात पशु चोरों के एक सक्रिय गिरोह ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात बदमाशों ने एक डेरे (कुएं) पर धावा बोलकर वहां रह रहे प्रवासी मजदूर के परिवार को हथियारों के बल पर बंधक बनाया, उनके साथ मारपीट की और लाखों रुपये कीमत की चार भैंसें लूटकर फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक, देर रात एक बोलेरो गाड़ी में सवार होकर कुछ अज्ञात बदमाश बड़ा पिंड स्थित एक कुएं (डेरे) पर पहुंचे। इस जगह पर प्रवासी मजदूर प्यारे लाल अपने परिवार के साथ रहता है। पीड़ित कुआं मालिक हरपाल सिंह और प्रवासी मजदूर प्यारे लाल ने बताया कि बदमाशों के पास पिस्तौल और दातर (तेजधार हथियार) थे। चोरों ने हथियारों का डर दिखाकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया। मारपीट कर भैंस ले गए पीड़ितों के अनुसार, विरोध करने पर बदमाशों ने उनके साथ मारपीट भी की। इसके बाद गिरोह के सदस्य वहां बंधी चार भैंसों को खोलकर अपनी गाड़ी में लादकर रफूचक्कर हो गए। इस वारदात के कारण पीड़ितों को करीब लाखों रुपये का भारी नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवार ने बताया कि उनका पूरा गुजारा पशुपालन पर ही निर्भर है। इस बड़ी चोरी के कारण उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ितों ने प्रशासन और पुलिस के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि इलाके में बेखौफ घूम रहे इस पशु चोर गिरोह के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी वारदातों पर रोक लग सके।
Source link

