डेराबस्सी बस स्टैंड से उतारा गया फटा तिरंगा: लेकिन ध्वज को संभालने के तरीके पर नागरिकों ने उठाए सवाल – Mohali News
डेराबस्सी बस स्टैंड से फटा हुआ राष्ट्रीय ध्वज हटा दिया गया है। एक खबर प्रकाशित होने के बाद नगर परिषद ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इसे पोल से उतारा। हालांकि, ध्वज हटाने की इस प्रक्रिया पर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं और उन्होंने नाराजगी व्यक्त की है। नागरिकों का आरोप है कि प्रशासन ने फटे हुए तिरंगे को तो हटा दिया, लेकिन उसे राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं संभाला। लोगों का कहना है कि ध्वज को सम्मानपूर्वक मोड़कर सुरक्षित स्थान पर ले जाने के बजाय उसे गोद में उठाकर ले जाया गया, जिससे राष्ट्रीय ध्वज के प्रति अपेक्षित गरिमा नहीं दिखी। गौरतलब है कि डेराबस्सी बस स्टैंड पर लगा तिरंगा कई स्थानों से फट चुका था। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने इसकी शिकायत करते हुए इसे राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला बताया था। खबर सामने आने के बाद नगर परिषद प्रशासन ने इस पर संज्ञान लिया था। स्थानीय निवासियों का कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसलिए उसके रखरखाव, उतारने और बदलने की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों और सम्मानजनक तरीके से होनी चाहिए। लोगों ने प्रशासन से जल्द नया तिरंगा लगाने और भविष्य में ऐसे मामलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है। नागरिकों ने यह भी सुझाव दिया है कि डेराबस्सी के अलावा लालड़ू में लगे कुछ अन्य तिरंगों की स्थिति की भी जांच कराई जानी चाहिए। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही को रोका जा सके।
Source link

