लुधियाना में पुल से गिरा एक्टिवा सवार, मौत: सिर पर लगी चोट, दोस्त गंभीर घायल, सामान देने जा रहा था 4 बेटियों का पिता – Ludhiana News
लुधियाना में सोमवार सुबह एक्टिवा सवार दो दोस्तों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक्टिवा अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी। इस हादसे में एक्टिवा चला रहे युवक मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पीछे बैठा दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान विपिन जबकि घायल की राजा के रूप में हुई है। विपिन अपने पीछे पत्नी और चार छोटी बेटियों को छोड़ गया है। सभी बेटियों की उम्र 10 वर्ष से कम बताई जा रही है। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी अकेले विपिन के कंधों पर थी। 15 साल से रह रहा लुधियाना जानकारी के अनुसार, मृतक विपिन मूल रूप से बिहार के खगड़िया जिले का रहने वाला था। वह पिछले करीब 15 वर्षों से लुधियाना में रह रहा था और बाबा चिकन में नौकरी करता था। सोमवार सुबह वह अपने दोस्त राजा के साथ एक्टिवा पर सवार होकर एक रिश्तेदार को घरेलू सामान देने जा रहा था। इसी दौरान दुगरी पुल पर यह दर्दनाक हादसा हो गया। दोनों पुल से नीचे जा गिरे प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब दोनों दोस्त दुगरी पुल से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों पुल से नीचे जा गिरे। हादसे में विपिन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजा गंभीर रूप से घायल हो गया। क्षतिग्रस्त एक्टिवा को कब्जे में लिया गया घटना की सूचना मिलते ही थाना दुगरी की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। वहीं क्षतिग्रस्त एक्टिवा को भी कब्जे में ले लिया गया है। मामले की जांच में जुटी पुलिस पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और उसके ड्राइवर की पहचान की जा सके। मामले की जांच जारी है।
Source link

