पंजाब पुलिस ASI का दिनदहाड़े मर्डर: अमृतसर में 2 गोलियां मारीं, कार पंचर होने पर स्कूटी पर ड्यूटी जा रहे थे; आतंकी संगठन ने ली जिम्मेदारी – Amritsar News
पंजाब पुलिस के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) की रविवार सुबह अमृतसर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। ASI को 2 गोलियां मारी गईं, जो कंधे और कमर पर लगी। जिस वक्त हत्या हुई, वह गुरदासपुर से ड्यूटी पर मजीठा के रास्ते अमृतसर जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही
.
मरने वाले ASI जोगा सिंह गुरदासपुर के रहने वाले थे। परिजनों के मुताबिक वह डेली कार से जाते थे, आज उसका टायर पंचर हो गया तो वह स्कूटी से गए थे।
इसी वजह से ASI की हत्या को टारगेट किलिंग का शक जताया जा रहा है। पुलिस सोर्सेज के मुताबिक ASI की कार पंचर होना, उनका स्कूटी से ड्यूटी जाने समेत कई एंगल दिख रहे हैं, जिसको लेकर पुलिस जांच में जुटी है।
अमृतसर रुरल के SSP सोहेल कासिम मीर ने कहा कि निजी रंजिश से लेकर रोड रेज तक के सभी एंगल से इस हत्याकांड की जांच की जा रही है। हत्या वाली जगहों के आसपास से CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
इस बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई है, जिसमें आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान ने हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पोस्ट में पुलिस और अधिकारियों को धमकियां भी दी गई हैं। दैनिक भास्कर इस पोस्ट की पुष्टि नहीं करता।
ASI के शव को गाड़ी में डालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
हमलावरों ने रास्ते में घेरा, फायरिंग की पुलिस के मुताबिक जोगा सिंह गुरदासपुर में बांगर के गांव घणिए के रहने वाले थे। वह रोजाना की तरह सुबह 6 बजे स्कूटी (PB06BJ-6614) पर ड्यूटी के लिए अमृतसर के लिए निकले। मजीठा से करीब 1 किलोमीटर पहले बाइक पर आए 2 अज्ञात हमलावरों ने उनकी स्कूटी को रास्ते में घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने उन पर फायरिंग कर दी।
2 गोलियां लगीं, मौके पर मदद नहीं मिली इस दौरान ASI को सीने के बाईं तरफ और कमर पर 2 गोलियां लगीं। इससे ASI गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक जिस जगह हत्या हुई, वह इलाका काफी बिजी रहता है। हालांकि रविवार और सुबह 6 बजे का टाइम होने की वजह से उस वक्त ASI को तुरंत कोई मदद नहीं मिल सकी। इस वजह से ASI ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। जब उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस पहुंची, गोलियों के खोल मिले घटना की सूचना मिलते ही SSP सुहेल कासिम मीर, डीएसपी कमलमीत सिंह और एसएचओ कर्मपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर फोरेंसिक टीम भी बुलाई गई, जिसने सबूत जुटाए हैं। गोलियों के खोल भी मौके से बरामद हुए हैं।

ASI जोगा सिंह, जिनकी हत्या कर दी गई।
ASI हत्याकांड को लेकर SSP की 3 अहम बातें
- डेडबॉडी पड़ी होने की सूचना मिली थी: SSP सोहेल मीर ने बताया कि आज सुबह सूचना मिली थी कि फतेहगढ़ चूड़ियां-मजीठा रोड पर हमारे एक पुलिस मुलाजिम ASI जोगा सिंह की डेड बॉडी पड़ी हुई है। इस सूचना पर तुरंत मौजूदा SHO मजीठा मौके पर पहुंचे।
- बॉडी पर गोली के निशान मिले: SSP ने कहा- वहां हमने डेड बॉडी का निरीक्षण किया तो गोली लगने के निशान पाए गए। इसके बाद तुरंत बॉडी को सिविल अस्पताल ट्रांसफर किया गया। मौके पर फोरेंसिक टीमें पहुंची। हमारी तकनीकी टीमें भी जांच में जुटी हुई हैं। मैं खुद भी मौके पर जांच करके आया।
- हर एंगल से मामले की जांच कर रहे: SSP ने कहा- यह सड़क काफी व्यस्त रहती है, इसलिए हम हर पहलू से जांच कर रहे हैं, चाहे वह व्यक्तिगत दुश्मनी का मामला हो, रोड रेज हो या कोई अन्य संभावित एंगल। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही इस मामले में अपडेट साझा किया जाएगा।

मौके पर जांच के लिए पहुंचे पुलिस अधिकारी।
चचेरे भाई ने कहा- कोई धमकी नहीं थी, बच्चे कनाडा रहते मौके पर पहुंचे जोगा सिंह के चचेरे भाई हरचरण सिंह ने बताया है कि जोगा सिंह अक्सर अपनी गाड़ी से ड्यूटी पर अमृतसर आते थे। हालांकि, आज सुबह उन्हें पता चला कि उनकी गाड़ी पंचर है, इसलिए वह स्कूटी से ड्यूटी पर आ रहे थे। इसी दौरान उनके साथ यह वारदात हो गई।
चचेरे भाई ने बताया कि जोगा सिंह अमृतसर में ट्रैफिक पुलिस विभाग में तैनात थे। उन्हें किसी प्रकार की कोई धमकी भी नहीं मिली थी। वह और उनकी पत्नी ही घर में रहते थे। उनके 2 बच्चे हैं, जो कनाडा में रहते हैं। उनका किसी से कोई झगड़ा नहीं था। इससे कुछ समझ नहीं आ रहा कि किसी ने उनकी हत्या क्यों कर दी।
तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान संगठन की पोस्ट…

विपक्ष AAP सरकार को घेर रहा…


करीब 3 महीने पहले 2 पुलिसकर्मियों की हत्या हुई
इससे पहले गुरदासपुर में आदियां पुलिस चौकी में 2 पुलिसवालों की हत्या की गई थी। यह चौकी भारत-पाकिस्तान इंटरनेशनल बॉर्डर से महज डेढ़ किमी दूर है। इन हत्याओं की जिम्मेदारी आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान ने ली थी।
संगठन की ओर से जारी पोस्ट में कहा गया था- 22 फरवरी 2026 को तड़के गजवा-ए-हिंद में एक और सफलता हासिल हुई, जब तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान के अल-बुर्क ब्रिगेड ने दुरंगला पुलिस स्टेशन पर हमला किया। इसमें 2 पुलिसकर्मी शहीद हो गए। भविष्य में भारतीय सरकारी वर्दीधारी अधिकारियों के खिलाफ ऐसे हमले और भी तीव्र रूप से जारी रहेंगे। जनता को सलाह दी जाती है कि वे सेना, पुलिस और बीएसएफ बलों से इस्तीफा दे दें, अन्यथा उन्हें उनके घरों में निशाना बनाया जाएगा।
तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान की वायरल पोस्ट…

॰॰॰॰॰॰॰
यह खबर भी पढ़ें…
ASI-होमगार्ड जवान की हत्या, गुरदासपुर पुलिस चौकी में मिली लाशें

गुरदासपुर में पंजाब पुलिस की चौकी में ASI और होमगार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी गई। चौकी में एक की डेडबॉडी कुर्सी पर तो दूसरे की चारपाई में रजाई के अंदर मिली। मौत का पता तब चला, जब चौकी में किसी ने उनका फोन नहीं उठाया। पढ़ें पूरी खबर…

