सड़क पर तड़पता देख रुके केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान: हादसे में घायल युवती को अपनी गाड़ी में बैठाया और अस्पताल भेजा – Amritsar News
पंजाब दौरे पर आए केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान का एक सराहनीय कदम सामने आया है, जिसकी सोशल मीडिया पर हर तरफ चर्चा हो रही है। रविवार को चिराग पासवान श्री हरिमंदिर साहिब (गोल्डन टेंपल) में माथा टेकने और अरदास करने के बाद जालंधर के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान रास्ते में उन्हें एक सड़क हादसा दिखाई दिया, जिसमें एक युवती घायल हो गई थी। घायल युवती को देखकर चिराग पासवान ने तुरंत अपने वाहनों का काफिला रुकवा दिया। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों से घायल की स्थिति के बारे में जानकारी ली और बिना किसी देरी के उसे अपनी ही गाड़ी में अस्पताल भिजवाया। उनके स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों की मदद से युवती को सावधानीपूर्वक वाहन में बैठाया गया और तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, ताकि उसे समय पर चिकित्सीय सहायता मिल सके। इस पूरी घटना का वीडियो किसी राहगीर ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि केंद्रीय मंत्री खुद हालात का जायजा लेते हैं और घायल युवती को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने के निर्देश देते हैं। इस कदम की लोग जमकर सराहना कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स का कहना है कि राजनीति से ऊपर उठकर किसी की मदद के लिए आगे आना एक अच्छी पहल है। लोग चिराग पासवान के इस व्यवहार की तारीफ करते हुए इसे संवेदनशील और जिम्मेदार कदम बता रहे हैं। वायरल वीडियो पर लगातार सकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं और हर कोई उनके इस फैसले की प्रशंसा कर रहा है।
Source link

