संगरूर में 22 किलो भुक्की-चूरा पोस्त बरामद: पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया, मामले की जांच जारी – Sangrur News
संगरूर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक युवक को 22 किलोग्राम भुक्की-चूरा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, एएसआई यादविंदर सिंह अपनी टीम के साथ सूलर घराट-पातड़ा मुख्य सड़क से नहर के किनारे बनी पक्की सड़क पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान गांव खानपुर फकीरा के नजदीक एक संदिग्ध युवक प्लास्टिक के थैले के साथ बैठा दिखाई दिया। तलाशी लेने पर नशीला पदार्थ बरामद पुलिस को देखकर उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके आधार पर उसे रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पहचान अवतार सिंह उर्फ तारी निवासी सलेमा पत्ती, खनाल कलां के रूप में बताई। पुलिस ने नियमानुसार उसकी तलाशी ली तो उसके पास मौजूद प्लास्टिक के थैले से 22 किलोग्राम भुक्की-चूरा पोस्त बरामद हुआ। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया तथा नशीला पदार्थ अपने कब्जे में ले लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद भुक्की-चूरा पोस्त वह कहां से लेकर आया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
Source link

