लाहिरू उदारा ने डेब्यू टेस्ट में 188 रन बनाए: पहले दिन श्रीलंका का स्कोर 338/5, विंडीज के सील्स के 100 विकेट पूरे
एंटीगुआ2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
श्रीलंका ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में मजबूत शुरुआत की है। टीम ने मुकाबले के पहले दिन 5 विकेट पर 338 रन बना लिए हैं। 32 साल के ओपनर लाहिरू उदारा ने डेब्यू मैच में 248 गेंदों पर 188 रनों की पारी खेली। वे दोहरा शतक लगाने से सिर्फ 12 रन से चूक गए।
एंटीगुआ के सर विव रिचर्ड्स स्टेडियम में श्रीलंका ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी। उदारा को पाथुम निसंका की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया। पहले दिन का खेल खत्म होने से ठीक आधा घंटा पहले वेस्टइंडीज ने दो विकेट लेकर मैच में थोड़ी वापसी की। सोनल दिनुषा 5 रन बनाकर नाबाद लौटे हैं।

जायडन सील्स ने स्टंप्स से ठीक पहले धनंजय डी सिल्वा को आउट किया।
श्रीलंका की खराब शुरुआत, उदारा-मेंडिस में रिकॉर्ड साझेदारी
श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही थी। मैच के पहले ही घंटे में तेज गेंदबाज शमार जोसेफ ने निशान मदुष्का और दिनेश चांदीमल को सस्ते में पवेलियन भेज दिया था। एक समय टीम का स्कोर 25/2 हो गया था।
ओपनर लाहिरू उदारा ने कमिंडू मेंडिस (84 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 255 गेंदों पर 215 रनों की पार्टनरशिप की। यह वेस्टइंडीज की धरती पर श्रीलंका की अब तक की सबसे बड़ी टेस्ट साझेदारी है।
इस साझेदारी को जस्टिन ग्रीव्स ने तोड़ा। उन्होंने मेंडिस को विकेटकीपर शाई होप के हाथों स्टंप कराया। मेंडिस ने 120 बॉल पर 84 रन बनाए।

उदारा और कमिंडू मेंडिस ने तीसरे विकेट के लिए 255 गेंदों पर 215 रन की साझेदारी की।
डी सिल्वा और उदारा में 93 रन की साझेदारी
कमिंडू मेंडिस के आउट होने के बाद कप्तान धनंजय डी सिल्वा क्रीज पर आए। उदारा और धनंजय ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 93 रनों की पार्टनरशिप की। उदारा ने अपनी पारी में 4 छक्के भी लगाए। उन्होंने अपना पहला टेस्ट शतक भी एक छक्के के साथ ही पूरा किया था।

जॉयडन सील्ड के 100 टेस्ट विकेट पूरे
दिन के आखिरी सेशन में वेस्टइंडीज ने मैच में वापसी की। टीम ने पहले लाहिरू उदारा का विकेट लिया, फिर धनंजय डी सिल्वा 33 रन बनाकर स्लिप में कैच दे बैठे। धनंजय का विकेट लेते ही वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज जेडन सील्स ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 100 विकेट पूरे कर लिए। वह गेंदों के हिसाब से 100 टेस्ट विकेट तक पहुंचने वाले वेस्टइंडीज के दूसरे सबसे तेज गेंदबाज बन गए। इस सूची में पूर्व तेज गेंदबाज इयान बिशप पहले स्थान पर हैं।
उदारा का कैच छूटा, मेंडिस के खिलाफ अपील भी नहीं की
वेस्टइंडीज ने दिन के खेल में दो अहम मौके भी गंवाए। लाहिरू उदारा जब 55 रन पर थे, तब जेडन सील्स की गेंद पर स्लिप में जॉन कैंपबेल और जस्टिन ग्रीव्स के बीच तालमेल की कमी से उनका कैच छूट गया। इसके बाद कमिंडू मेंडिस 41 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे, तभी उनके बल्ले का किनारा लगा, लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों ने अपील नहीं की। बाद में रिप्ले में अल्ट्रा-एज से साफ हुआ कि गेंद ने बल्ले का किनारा लिया था।
———————————-


