मोगा में नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा: 20 केस दर्ज; 30 आरोपी गिरफ्तार, 427 ग्राम हेरोइन बरामद – Moga News
मोगा पुलिस ने पंजाब सरकार के निर्देशों और जिला पुलिस प्रशासन के दिशा-निर्देशों के तहत नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई की है। जिले के विभिन्न थानों की पुलिस ने एक ही दिन में एनडीपीएस एक्ट के तहत 20 मामले दर्ज कर 30 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी एसएसपी मोगा ने पत्रकारों को दी। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से कुल 427 ग्राम हेरोइन, 490 नशीली गोलियां और एक बिना नंबर की ऑल्टो कार बरामद की गई है। यह अभियान थाना सिटी साउथ मोगा, अजीतवाल, फतेहगढ़ पंजतूर, बधनी कलां, बाघापुराना, कोट ईसे खां, निहाल सिंह वाला, महिणा, धर्मकोट, समालसर और सिटी मोगा पुलिस द्वारा गश्त और गुप्त सूचनाओं के आधार पर चलाया गया। थाना निहाल सिंह वाला में 2 आरोपी गिरफ्तार सबसे बड़ी बरामदगी थाना निहाल सिंह वाला पुलिस ने की, जहां दो आरोपियों को एक बिना नंबर की ऑल्टो कार सहित गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 100 ग्राम हेरोइन जब्त की गई। इसके अतिरिक्त, कोट ईसे खां पुलिस ने दो आरोपियों से 38 ग्राम और बधनी कलां पुलिस ने एक आरोपी से 32 ग्राम हेरोइन बरामद की। अन्य मामलों में 5 से 30 ग्राम तक हेरोइन मिली। धर्मकोट और बधनी कलां पुलिस ने भी कुछ आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में नशीली गोलियां बरामद की हैं। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। मोगा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए यह अभियान पूरी सख्ती से जारी रहेगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान नशा तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य साथियों के बारे में महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
Source link

