मोगा थाने पर ग्रेनेड हमले में 13 गिरफ्तार: 4 महिलाएं भी शामिल, सभी आरोपी 5 दिन के रिमांड पर – Moga News

मोगा थाने पर ग्रेनेड हमले में 13 गिरफ्तार:  4 महिलाएं भी शामिल, सभी आरोपी 5 दिन के रिमांड पर – Moga News




मोगा सदर थाना परिसर में 8 जुलाई को हुए हैंड ग्रेनेड हमले के मामले में मोगा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सहित कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें चार महिलाएं भी शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच सभी आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब आरोपियों से हमले के मास्टरमाइंड, संभावित आतंकी और गैंगस्टर नेटवर्क के साथ उनके संबंधों की गहन पूछताछ कर रही है। आरोपी फिरोजपुर का रहने वाला पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए अधिकांश आरोपी फिरोजपुर जिले के निवासी हैं। पहले यह भी जानकारी सामने आई थी कि इस मामले में तीन संदिग्धों को जम्मू-कश्मीर से हिरासत में लिया गया था और उनका मेडिकल मोगा के सिविल अस्पताल में करवाया गया था। हालांकि, उस समय वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की थी। गौरतलब है कि 8 जुलाई की सुबह करीब 3:15 बजे दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार युवक सदर थाने के बाहर पहुंचे थे। उन्होंने परिसर के अंदर हैंड ग्रेनेड फेंककर हमला किया और फरार हो गए। विस्फोट की तीव्रता कम होने के कारण कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ और न ही कोई पुलिसकर्मी घायल हुआ, लेकिन इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। घटना के तुरंत बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, बम निरोधक दस्ता और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए गए और सीसीटीवी फुटेज तथा तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच पाई। प्रारंभिक जांच में यह आशंका भी जताई जा रही है कि यह हमला विदेश में बैठे किसी गैंगस्टर के इशारे पर कराया गया था। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को विस्फोटक सामग्री किसने उपलब्ध कराई और वारदात की साजिश कहां रची गई। जांच जारी है और पुलिस को पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण खुलासों की उम्मीद है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *