मॉनसून से पहले कपूरथला प्रशासन अलर्ट: एसडीएम ने बाढ़ प्रभावित मंड क्षेत्रों का किया निरीक्षण; तटबंधों की जांच की – Kapurthala News
कपूरथला जिला प्रशासन ने मॉनसून के दौरान संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में सुल्तानपुर लोधी के एसडीएम जसजीत सिंह ने संबंधित अधिकारियों के साथ बाढ़ प्रभावित होने वाले ‘मंड’ क्षेत्रों का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने उन गांवों का निरीक्षण किया जो हर वर्ष बाढ़ की चपेट में आते हैं। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने विभाग द्वारा बनाए गए धुस्सी तटबंध और स्थानीय लोगों की ओर से सुरक्षा के लिए तैयार किए गए अस्थायी तटबंधों की स्थिति का भी आकलन किया। बाओपुर क्षेत्र में करीब 17 किलोमीटर लंबे स्थानीय तटबंध का निरीक्षण किया गया, जो मंड क्षेत्र के 10 से 12 गांवों, 60 से 70 डेरों और लगभग 350 लोगों की सुरक्षा करता है। SDM ने सरकारी एलिमेंट्री स्कूल लखवारियां का भी दौरा किया एसडीएम जसजीत सिंह ने सरकारी एलिमेंट्री स्कूल लखवारियां का भी दौरा किया, जहां बाढ़ के समय राहत शिविर लगाए जाते हैं। इसके अलावा उन्होंने पवित्र काली बेईं का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को 16 जुलाई को होने वाले सफाई अभियान की 26वीं वर्षगांठ से पहले जलधारा की पूरी सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गुरुद्वारा बेर साहिब के निकट बने पंटून पुल का भी निरीक्षण किया और आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि जिला प्रशासन बाढ़ जैसी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और सभी विभागों को आवश्यक इंतजाम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।
Source link

