महाराष्ट्र के मंत्री बोले-कौन सा पेड़ गिरेगा कोई नहीं जानता: मुंबई में एक दिन पहले स्कूल बस पर पेड़ गिरा, बच्चे की मौत हुई थी
- Hindi News
- National
- Maharashtra School Bus Tree Fall Student Death Minister Sanjay Shirsat Statement
मुंबई1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
मुंबई के चेंबूर इलाके में मंगलवार को स्कूल बस पर पेड़ गिर गया था, जिसमें एक छात्र की जान चली गई थी।
मुंबई में मंगलवार को स्कूल बस पर पेड़ गिरने से छात्र की मौत पर राज्य के सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट ने कहा- पेड़ गिरना, बिजली गिरना किसी के हाथ में नहीं होता। यह पहले से पता नहीं चलता कि कौन सा पेड़ गिरने वाला है।
पेड़ों के ऑडिट के सवाल पर मंत्री ने बुधवार को कहा कि ऑडिट नियमित रूप से किया जाता है। सरकार विधानसभा में हादसे पर बयान देगी। नगर निगम को भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया है।
दरअसल मंगलवार को चेंबूर इलाके में सड़क किनारे लगा करीब 70 साल पुराना पीपल का पेड़ स्कूल बस पर गिर गया। बस मेक फोर्स कंपनी की थी और उसमें यूनिवर्सल हाई स्कूल के छात्र सवार थे।
हादसे में 11 साल के विहान श्रीवास्तव की मौत हो गई थी। इसके अलावा पांच छात्र घायल हुए, जिनमें चार को मामूली चोटें आईं, जबकि एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे से जुड़ी 2 तस्वारें…

मंगलवार को बस पर पीपल का पेड़ गिरने के बाद उसका अगला और बीच का हिस्सा पूरी तरह से दब गया था।

11 साल के विहान बस में फंस गए थे, उन्हें रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा गया जहां उपचार के दौरान उनकी जान चली गई।
विपक्ष ने मंत्री के बयान को असंवेदनशील बताया
मंत्री के बयान को विपक्ष ने असंवेदनशील बताते हुए सरकार और मुंबई महानगरपालिका (BMC) की मानसून तैयारियों और पेड़ों के ऑडिट पर सवाल उठाए हैं।
- कांग्रेस नेता नाना पटोले- उन्हें विधानसभा में इस मुद्दे पर सरकार से संतोषजनक जवाब नहीं मिला। सरकार मानसून तैयारियों में विफल रही है और इस मामले में हाईकोर्ट को स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए।
- NCP (शरद गुट) नेता क्लाइड क्रास्टो- मंत्री के बयान को “शर्मनाक और बेशर्म” बताया। उन्होंने कहा कि एक बच्चे की मौत को प्राकृतिक घटना बताना बेहद असंवेदनशील है। हर मानसून से पहले पेड़ों का ऑडिट होना चाहिए, लेकिन इस मामले में ऑडिट और रखरखाव सही तरीके से नहीं किया गया।
विहान की मां उसका बैट पकड़कर बैठीं

विहान के परिवार और पड़ोसियों ने बताया कि वह पढ़ाई में भी होशियार था और व्यवहार से सभी का चहेता था। उसे क्रिकेट से बेहद लगाव था और उसका सपना एक दिन प्रोफेशनल क्रिकेटर बनने का था। लेकिन मंगलवार दोपहर आए इस हादसे ने उसके सारे सपने खत्म कर दिए।
घर में मां जूही बेटे का क्रिकेट बैट सीने से लगाए बैठी हैं। वह बार-बार यही कह रही हैं कि विहान अभी खेलने जाएगा। पड़ोसियों का कहना है कि उसकी मां को अब भी यकीन नहीं हो रहा कि उनका बेटा इस दुनिया में नहीं रहा। वह उसके क्रिकेट बैट को पकड़कर बैठी हैं और मान रही हैं कि बेटा अभी घर आएगा और मैदान में खेलने जाएगा।
——————————————
ये खबर भी पढ़ें…
MP-बिहार में बिजली गिरने से 8 की मौत, जम्मू-कश्मीर में बादल फटा, अरुणाचल में बाढ़

मध्य प्रदेश के हरदा-खरगोन में बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि बैतूल में एक ही परिवार के चार लोग झुलस गए। वहीं, चंपा नदी के उफान में बाइक समेत दो युवक बह गए। जम्मू-कश्मीर को डोडा में बुधवार सुबह 2 बार बादल फटा। भलेसा के कलालगीसर इलाके में बादल फटने से बाढ़ आ गई। पूरी खबर पढ़ें…


