बठिंडा में पुलिसकर्मी के अपहरण कोशिश: आरोपियों ने मारपीट की, 2 लाख रुपए की फिरौती मांगी; एटीएम कार्ड और कार भी छीनी – Bathinda News
बठिंडा में एक पुलिसकर्मी के कथित अपहरण, मारपीट और दो लाख रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सिपाही कुलविंदर सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी हरजिंदर सिंह, पोपा और उनके तीन अज्ञात साथियों ने पहले उनकी वीडियो बनाई। इसके बाद उनके साथ मारपीट की और जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर गांव सेमा कलां ले गए। आरोपियों पर फिरौती मांगने का आरोप शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने वहां सिपाही कुलविंदर सिंह को धमकाते हुए दो लाख रुपए की फिरौती मांगी। आरोप है कि इस दौरान उनका एटीएम कार्ड भी अपने कब्जे में ले लिया गया और उनकी स्विफ्ट कार भी साथ ले गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई और पुलिसकर्मी को अवैध रूप से बंधक बनाकर धमकियां दीं। मामले की जांच के बाद थाना कैंट पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट, फिरौती मांगने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
Source link

