बटाला में फिरौती न मिलने पर घर पर चलाई गोलियां: इंग्लैंड में रह रहे युवक को बनाया था निशाना, 3 आरोपी गिरफ्तार – Batala News
बटाला के हरदोझंडे गांव में एक घर पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि यह वारदात विदेश में रह रहे घर के बेटे से फिरौती न मिलने पर की गई थी। कुछ दिन पहले अज्ञात युवकों ने इस घर के बाहर फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की थी। परिवार का बेटा इंग्लैंड में रहता है और उससे कथित तौर पर फिरौती की मांग की जा रही थी। पैसे न मिलने पर आरोपियों ने इस घटना को अंजाम दिया। डीएसपी ललित कुमार ने बताया कि थाना सदर बटाला में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने विभिन्न पहलुओं से जांच की। इस दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से हथियार बरामद उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया मोटरसाइकिल और एक .32 बोर की पिस्तौल बरामद की गई है। गिरफ्तार किए गए तीनों युवकों की उम्र 20 से 22 वर्ष के बीच है और वे सामान्य परिवारों से संबंध रखते हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उनके खिलाफ पहले से कोई आपराधिक मामला दर्ज है या नहीं। डीएसपी ने आगे बताया कि आरोपियों में से एक युवराज सिंह को जब बरामदगी के लिए ले जाया जा रहा था, तो उसने सरकारी वाहन से कूदकर भागने की कोशिश की। हथकड़ी लगी होने के कारण वह भाग नहीं सका और इस दौरान उसकी टांग में चोट लग गई। युवराज सिंह को उपचार के लिए बटाला के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस फिलहाल तीनों आरोपियों का रिमांड लेकर मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
Source link

