पुलिस में नशे का सौदागर, हेरोइन-हथियार संग मुंशी को पकड़ा: मुक्तसर में गिरफ्तार, जांच में चौकी इंचार्ज भूमिका भी संदिग्थ, दोनों सस्पेंड – Fazilka News
फाजिल्का पुलिस द्वारा एक तरफ जहां नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है, वहीं दूसरी तरफ पुलिस महकमे को ही शर्मसार करने वाला एक बड़ा मामला सामने आया है। श्री मुक्तसर साहिब पुलिस द्वारा हेरोइन तस्करी के आरोप में जलालाबाद की पुलिस चौकी घुबाया के मुंशी को गिरफ्तार किया गया है। इस गंभीर मामले पर तुरंत संज्ञान लेते हुए सीनियर पुलिस अधिकारियों ने चौकी इंचार्ज और मुंशी दोनों को सस्पेंड कर दिया है। नाकाबंदी के दौरान हेरोइन और रिवॉल्वर बरामद डीएसपी जलालाबाद गुरसेवक सिंह बराड़ ने बताया कि बीते दिन श्री मुक्तसर साहिब पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाया गया। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर उसमें सवार कुछ लोगों को हिरासत में लिया। जब कार की तलाशी ली गई, तो पुलिस टीम के होश उड़ गए। कार सवारों के कब्जे से 280 ग्राम हेरोइन और एक लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद की गई। तस्करी नेटवर्क में निकला पुलिस चौकी का मुंशी पुलिस की इस कार्रवाई में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब पकड़े गए आरोपियों की पहचान हुई। कार में सवार तस्करों के साथ जलालाबाद क्षेत्र की पुलिस चौकी घुबाया का मुंशी जोगिंदर सिंह भी मौजूद था। मुंशी की इस काले धंधे में सीधी संलिप्तता पाए जाने के बाद श्री मुक्तसर साहिब पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। चौकी इंचार्ज भी केस में नामजद, दोनों पर गिरी गाज मुंशी जोगिंदर सिंह की गिरफ्तारी के बाद जब उच्च अधिकारियों ने मामले की गहराई से तफ्तीश की तो इसमें चौकी घुबाया के इंचार्ज गुरनाम सिंह की भूमिका पर भी सवाल उठे। लापरवाही और संदिग्ध भूमिका के चलते चौकी इंचार्ज गुरनाम सिंह को भी इस मामले में नामजद (Accused) कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने चौकी इंचार्ज और मुंशी दोनों को सस्पेंड (निलंबित) कर दिया है। अभिषेक शर्मा बने घुबाया चौकी के नए प्रभारी इस बड़ी कार्रवाई और सस्पेंशन के बाद पुलिस चौकी घुबाया का कामकाज प्रभावित न हो, इसके लिए सीनियर अधिकारियों ने तुरंत नए प्रबंध किए हैं। सस्पेंड किए गए इंचार्ज गुरनाम सिंह की जगह अब अभिषेक शर्मा को चौकी घुबाया का अतिरिक्त चार्ज सौंपकर नया चौकी इंचार्ज नियुक्त कर दिया गया है, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे। कानून सबके लिए बराबर, दोषी पुलिसकर्मी भी नहीं बचेंगे: डीएसपी बराड़ डीएसपी जलालाबाद गुरसेवक सिंह बराड़ ने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान पूरी तरह सख्त है और इसमें किसी भी स्तर पर ढील नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह पुलिस महकमे का अपना कर्मचारी ही क्यों न हो। दोषी पाए जाने वाले हर व्यक्ति के खिलाफ कानून के नियमों के अनुसार सख्त से सख्त कार्रवाई की जा रही है।
Source link

