नागौद राजघराने में फायरिंग के 3 वीडियो: रूपेंद्र सिंह को पीटते दिखे ससुरालवाले, फर्श पर खून के धब्बे; गोली चलते भी दिखी – Satna News
सुनीता ने 9 राउंड फायरिंग की थी, एक गोली योगिता सिंह के पेट में लगी।
सतना में नागौद राजघराने की परसमनिया गढ़ी में हुए गोलीकांड के तीन वीडियो सामने आए हैं। इनमें से एक वारदात के समय का है जबकि दो बाद के हैं। पहले वीडियो में रूपेंद्र सिंह उर्फ बाबा राजा के साथ उनकी ससुरालवाले मारपीट करते दिख रहे हैं। उनके कपड़े पूरी तरह
.
दूसरे वीडियो में गढ़ी की गैलरी के फर्श पर खून के धब्बे और कांच के टुकड़े दिखाई दे रहे हैं। ये कांच राजघराने के पूर्वजों वाले फोटो फ्रेम के हैं, जिनसे बाबा राजा के सिर पर वार किया गया था। तीसरा वीडियो गढ़ी के ठीक बगल में स्थित पेट्रोल पंप का है, जहां सामान टूटा-फूटा और बिखरा पड़ा है।
राजपरिवार के नजदीकी लोगों का दावा है कि पहले बाबा राजा पर हमला हुआ था, जिसके बचाव में उनकी गर्लफ्रेंड सुनीता सिंह परिहार ने 9 राउंड फायरिंग की। एक गोली बाबा राजा की पत्नी योगिता सिंह के पेट में लगी। रूपेंद्र सिंह पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक नागेंद्र सिंह के भतीजे हैं। उनकी शादी साल 2000 में योगिता सिंह के साथ हुई थी।
तस्वीरों में देखिए, वीडियो में क्या नजर आया…
रूपेंद्र सिंह के साथ ससुरालवालों ने मारपीट की।

गैलरी के फर्श पर खून के धब्बे और कांच के टुकड़े दिखाई दे रहे हैं।

तीसरा वीडियो पेट्रोल पंप का है, जहां सामान टूटा-फूटा और बिखरा पड़ा है।
शूटर गर्लफ्रेंड को कोर्ट ने जेल भेजा
पुलिस ने गोलियां चलाने वालीं सुनीता सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से 22 बोर की लाइसेंसी बंदूक, 8 जिंदा कारतूस और घटनास्थल से 4 खाली खोखे जब्त किए गए हैं। शुक्रवार दोपहर को सुनीता को अदालत में पेश करने के बाद सेंट्रल जेल भेज दिया गया है।
वहीं, पेट में गोली लगने से घायल योगिता सिंह को सतना से रीवा के विंध्या सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल रेफर किया गया था। फिलहाल, उनकी हालत खतरे से बाहर और स्थिर बताई जा रही है।
मां ने कहा- लाइसेंसी बंदूक से फायर किया
पुलिस को दिए बयान में योगिता की मां नरेंद्र कुमारी सिंह ने कहा- 11 जून की दोपहर करीब साढ़े 3 बजे योगिता और मैं, उसके बेटे पृथु देव सिंह और भाई के साथ गढ़ी से अपना सामान लेने गए थे। वहां सुनीता ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद किया और लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी।

डॉक्टरों ने सर्जरी कर योगिता के पेट से गोली निकाल दी है।
8 साल पहले शुरू हुआ था पति-पत्नी के बीच विवाद
नागौद राजघराने के सूत्रों के अनुसार, सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में काम करते हुए सुनीता का संपर्क परसमनिया इलाके में बाबा राजा से हुआ था। सुनीता का गढ़ी आना योगिता को पसंद नहीं था, जिसे लेकर पति-पत्नी में दूरियां बढ़ने लगीं। लगभग 8 साल पहले विवाद बढ़ने पर रूपेंद्र सिंह ने परसमनिया गढ़ी छोड़ दी और सुनीता के साथ सतना में किराए के मकान में रहने लगे।
दोनों ने मिलकर रेस्टोरेंट और बाद में गढ़ी के पास पेट्रोल पंप भी खोला। पेट्रोल पंप के हिसाब-किताब को लेकर भी योगिता और सुनीता के बीच विवाद हुआ था। जनवरी 2022 में रूपेंद्र के पिता कांतिदेव सिंह के निधन के बाद स्थितियां और बिगड़ गईं। इसके बाद उनके चाचा और विधायक नागेंद्र सिंह ने योगिता और उनके बेटे को नागौद किले में शिफ्ट करा दिया था। योगिता ने डेढ़ साल पहले भी सुनीता पर गढ़ी में मारपीट का केस दर्ज कराया था।
बाल अधिकार कार्यकर्ता से आरोपी बनी सुनीता
38 वर्षीय सुनीता सिंह नागौद के उमरी गांव की रहने वाली हैं। उनके पिता सेना में थे। ग्रेजुएशन के बाद सुनीता ने महिला और बाल अधिकारों के लिए कई एनजीओ के साथ काम किया। 2013-14 में उन्होंने ‘संतोष देवी मानव विकास कल्याण समिति’ बनाई थी।
सुनीता यूनिसेफ के प्रोजेक्ट्स और राज्य बाल अधिकार आयोग के साथ मिलकर भी काम कर चुकी हैं।

ये तस्वीर आरोपी सुनीता सिंह की है। वे थाने में बैठकर मुस्कुराती दिख रही थीं।
राजनीति से जुड़ी रही हैं योगिता सिंह
रूपेंद्र सिंह की पत्नी योगिता सिंह भी सेना के परिवार से संबंध रखती हैं। उनके पिता चरणजीत सिंह राठौर सेना में अफसर रहे हैं। भाई नागेंद्र सिंह राठौर भी सेना में हैं।
शादी के बाद योगिता ने परसमनिया की राजनैतिक विरासत को संभाला था। वह तीन बार परसमनिया की सरपंच रह चुकी हैं। 2012 से 2016 तक भाजपा की सतना जिला उपाध्यक्ष भी रही हैं। पति से विवाद के बाद से वह अपना ज्यादातर समय बेटे के साथ मायके उदयपुर में बिता रही थीं।
मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…
नागौद राजघराने की बहू पर फायरिंग, पेट में धंसी बुलेट

सतना के नागौद राजघराने की बहू योगिता सिंह पर एक महिला ने फायरिंग कर दी। गोली योगिता के पेट में लगी। उन्हें गंभीर हालत में सतना फिर रीवा के विंध्या मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी सुनीता परिहार को गिरफ्तार कर लिया है। पढ़ें पूरी खबर…

