दलित नेता चन्नी पंजाब कांग्रेस के नए बॉस बनेंगे: वर्किंग प्रधान हिंदू, जट्टसिख वड़िंग-रंधावा भी एडजस्ट होंगे; राहुल गांधी ने मंजूरी दी – Ludhiana News
चरणजीत चन्नी 2021 में पंजाब में करीब 111 दिन के मुख्यमंत्री रह चुके हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत चन्नी पंजाब कांग्रेस के नए बॉस बन सकते हैं। कांग्रेस के टॉप सोर्सेज के मुताबिक राहुल गांधी ने इसकी सहमति दे दी है। चन्नी को कमान सौंपने से पहले कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल मौजूदा प्रधान अमरिंदर राजा वड़ि
.
कांग्रेस पूर्व सांसद विजयइंदर सिंगला को वर्किंग प्रधान बना रही है, ताकि दलित प्रधान के साथ हिंदू वर्किंग प्रधान लगाकर जातीय गणित साधा जा सके। वहीं जट्टसिख इससे नाराज न हों, इसलिए कांग्रेस विधायक दल नेता और विधानसभा में नेता विपक्ष प्रताप सिंह बाजवा अपने पद पर बने रहेंगे।
राजा वड़िंग और सुखजिंदर रंधावा को 2027 के चुनाव में अहम कमेटियों की बागडोर दी जाएगी। हालांकि यह फॉर्मूला नया नहीं है, क्योंकि कांग्रेस 2022 में भी चन्नी को सीएम चेहरा बनाकर लड़ी थी लेकिन तब प्रधान जट्टसिख कम्युनिटी से नवजोत सिद्धू थे। कांग्रेस इस चुनाव में सत्ता से बाहर हो गई। इसकी बड़ी वजह सीएम चेहरा न बनाए जाने से नाराज होकर पार्टी प्रधान होते हुए भी सिद्धू का प्रचार न करना रहा।
जानिए, सोशल इंजीनियरिंग का फॉर्मूला क्या है…
- तीनों दलों से अलग स्ट्रेटजी: पॉलिटिकल एक्सपर्ट पवनदीप शर्मा का कहना है कि पंजाब में इस समय सभी राजनीतिक दलों में पावरफुल पदों पर जट्ट सिख नेता हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) सत्ता में है तो सरकार की कमान जट्ट सिख भगवंत मान के पास है। सरकार में नंबर दो पर दलित नेता हरपाल सिंह चीमा हैं। जबकि, पार्टी प्रधान अमन अरोड़ा हैं। भाजपा में केवल सिंह ढिल्लों पार्टी प्रधान हैं और वह भी जट्ट सिख नेता हैं। अकाली दल में भी सुखबीर बादल प्रमुख हैं और वह भी जट्ट सिख नेता हैं। अभी कांग्रेस की कमान राजा वडिंग के हाथ में है तो वह भी उसी कैटेगरी से हैं। ऐसे में कांग्रेस तीनों दलों से अलग स्ट्रेटजी बनाकर चलने की कोशिश में है।
- 32% दलित मतदाताओं पर नजर: पंजाब में देश की सबसे बड़ी दलित आबादी (लगभग 32%) है। चन्नी के पक्ष में सबसे बड़ा तर्क यही है कि वह इस विशाल वोट बैंक के सबसे बड़े और सर्वमान्य सिख-दलित चेहरे हैं। बतौर CM चन्नी की आम आदमी वाली छवि बेहद लोकप्रिय रही थी। पूर्व CM होना और वर्तमान में जालंधर से सांसद होना उनके दावे को सबसे मजबूत बनाता है। हाईकमान को उम्मीद है कि चन्नी के आने से AAP के पाले में गया पारंपरिक दलित और गरीब वोटर वापस कांग्रेस की तरफ लौट सकता है।
- शहरी और हिंदू वोट बैंक पर नजर: पंजाब में करीब 25 से 26% शहरी और सामान्य हिंदू मतदाता हैं, जो लुधियाना, अमृतसर, जालंधर और पटियाला जैसे बड़े शहरों की सीटों पर निर्णायक भूमिका निभाते हैं। विजयइंदर सिंगला को कार्यकारी प्रधान बनाकर कांग्रेस शहरी और हिंदू मतदाताओं को संतुष्ट करवाएगी।
- रंधावा और राजा वड़िंग जट्ट सिख चेहरों को कमान: पंजाब कांग्रेस के दो सबसे आक्रामक और मजबूत जट्ट सिख चेहरों सुखजिंदर सिंह रंधावा और अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को भी पार्टी प्रमुख पदों पर रखेगी, ताकि चुनाव में जट्ट सिख नाराज न हों। पंजाब में जट्ट सिखों की 20 से 21 प्रतिशत वोट हैं। ऐसे में उन्हें चुनावी कमेटियों की कमान दी जाएगी। बेबाक और संगठन पर मजबूत पकड़ रखने वाले पूर्व उपमुख्यमंत्री व सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा को कैंपेन कमेटी या कोऑर्डिनेशन कमेटी का चेयरमैन बनाया जा सकता है। वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष और लोकसभा सांसद राजा वड़िंग को मैनिफेस्टो कमेटी का प्रमुख बनाकर एडजस्ट किया जा रहा है। वड़िंग के पास युवाओं को लामबंद करने का बेहतरीन अनुभव है, जिसका फायदा पार्टी चुनावी घोषणापत्र और जमीनी रैलियों को डिजाइन करने में उठाएगी।

चन्नी उठा चुके दलितों को पद न मिलने का मुद्दा
हाल ही में चंडीगढ़ में कांग्रेस के अनुसूचित जाति (SC) विंग की बैठक में चरणजीत सिंह चन्नी का एक बयान सोशल मीडिया पर लीक हुआ, जिसने पार्टी के अंदर भूचाल ला दिया। चन्नी ने सीधे सांगठनिक पदों पर सवाल उठाते हुए कहा था कि पंजाब में करीब 35 से 38% आबादी दलितों की है, तो हमें उचित प्रतिनिधित्व क्यों नहीं मिल रहा? पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष (राजा वड़िंग), सीएलपी लीडर (प्रताप सिंह बाजवा), महिला विंग की अध्यक्ष और जनरल सेक्रेटरी सभी उच्च जाति (जट सिख/अन्य) से हैं। ऐसे में हमारे लोग कहां जाएं?”
चन्नी के इस दांव के पीछे की राजनीति
चन्नी खुद को पंजाब में दलितों का सबसे बड़ा चेहरा बनाए रखना चाहते हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में जालंधर (सुरक्षित सीट) से 1.75 लाख से अधिक वोटों से जीतकर उन्होंने अपनी ताकत साबित की है। वह हाईकमान पर दबाव बनाना चाहते हैं कि आगामी प्रदेश अध्यक्ष या किसी अन्य बड़े सांगठनिक पद पर किसी दलित चेहरे को जगह दी जाए।

2022 में यह फॉर्मूला फेल रहा, चन्नी पर दांव खेला था
2022 के विधानसभा चुनाव से ठीक 4 महीने पहले कांग्रेस ने कैप्टन अमरिंदर सिंह को हटाकर चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब का पहला दलित मुख्यमंत्री बनाया था, लेकिन यह फॉर्मूला बुरी तरह फेल साबित हुआ। चन्नी को बहुत कम समय मिला था। इसके अलावा, नवजोत सिंह सिद्धू और अन्य जट्ट सिख नेताओं के साथ उनकी अंदरूनी कलह ने जनता में गलत संदेश दिया। नतीजा यह हुआ कि कांग्रेस महज 18 सीटों पर सिमट गई और खुद चन्नी अपनी दोनों विधानसभा सीटों से चुनाव हार गए।

दोबारा दलित कार्ड पर विचार क्यों?
2022 की हार के बावजूद कांग्रेस इस सच्चाई को नजरअंदाज नहीं कर सकती कि पंजाब में दलित आबादी लगभग 32-35% है। कांग्रेस का मानना है कि 2022 में समय की कमी और गुटबाजी के कारण यह प्रयोग फेल हुआ था, लेकिन अगर समय रहते दलित वोट बैंक को एकजुट किया जाए, तो यह गेम-चेंजर हो सकता है। चन्नी की 2024 लोकसभा जीत ने हाईकमान को यह सोचने पर मजबूर किया है कि चन्नी का आधार अब भी जमीन पर मजबूत है।
4 प्रमुख दलों में इकलौते दलित प्रधान से कांग्रेस को मिलेगा एज यदि कांग्रेस पंजाब में किसी दलित चेहरे (जैसे चन्नी) को प्रदेश अध्यक्ष बनाती है, तो वह राज्य के 4 प्रमुख राजनीतिक दलों में इकलौती ऐसी पार्टी होगी जिसका नेतृत्व दलित के हाथ में होगा। फिलहाल SAD और AAP में पारंपरिक रूप से जट्ट सिख नेतृत्व का बोलबाला रहता है।
पंजाब का दोआबा क्षेत्र दलित बहुल है। दलित अध्यक्ष होने से AAP और बसपा की तरफ गया यह बड़ा वोट बैंक वापस कांग्रेस से जुड़ सकता है। कांग्रेस खुद को समाज के वंचित तबके की हितैषी साबित कर BJP के हिंदू-सिख समीकरण और AAP के सोशल इंजीनियरिंग की काट ढूंढ सकती है।
———-
ये खबर भी पढ़ें…
पंजाब चुनाव से पहले भजन सिंगरों पर दांव, BJP के कन्हैया मित्तल के मुकाबले AAP हंसराज रघुवंशी को लाई

पंजाब में विधानसभा चुनाव पास आते ही राजनीतिक दलों ने सिंगर्स को साथ जोड़ना शुरू कर दिया है। भाजपा सपोर्टर के तौर पर चर्चित कन्हैया मित्तल के तोड़ में आम आदमी पार्टी ने पंजाब में भजन गायक हंसराज रघुवंशी को अपना चेहरा बनाना शुरू कर दिया है। जालंधर में एक महीने पहले कन्हैया मित्तल का कार्यक्रम हुआ था। (पढ़ें पूरी खबर)

