ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक पर डेढ़ घंटे तक बत्ती गुल – Jalandhar News
भास्कर न्यूज | जालंधर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने पहुंचे लोगों को वीरवार को ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक पर अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा। दोपहर करीब 1 बजे से 2:30 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से टेस्ट प्रक्रिया प्रभावित हुई और बड़ी संख्या में आवेदकों को इंतजार करना पड़ा। हैरानी की बात यह रही कि बिजली कटौती की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था के लिए लगाया गया जनरेटर भी कई महीनों से खराब पड़ा है। समय रहते इसकी मरम्मत नहीं करवाई गई, जिसके कारण बिजली जाते ही पूरा सिस्टम प्रभावित हो गया और लोगों की परेशानी बढ़ गई। ड्राइविंग टेस्ट के लिए पहुंचे आवेदकों का कहना था कि पहले से तय समय पर पहुंचने के बावजूद उन्हें लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। उनका कहना था कि यदि जनरेटर चालू हालत में होता तो बिजली कटने के बावजूद काम प्रभावित नहीं होता। लोगों ने मांग करते हुए कहा कि ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक जैसी महत्वपूर्ण सरकारी सेवा में बैकअप व्यवस्था हमेशा दुरुस्त रखी जाए, ताकि बिजली बाधित होने पर भी काम सुचारु रूप से चलता रहे और आवेदकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। अब सवाल यह है कि जब रोजाना सैकड़ों लोग ड्राइविंग टेस्ट के लिए ट्रैक पर पहुंचते हैं तो महीनों से खराब पड़े जनरेटर की मरम्मत क्यों नहीं करवाई गई। यदि बैकअप व्यवस्था ही काम न करे तो इसका खामियाजा सीधे आम लोगों को भुगतना पड़ता है। दोपहर बाद ट्रैक पर पहुंचे मुलाजिम की तरफ से खुद अपने स्तर पर जेनरेटर को ठीक करवाया गया लेकिन फिर भी लोग परेशान दिखे।
Source link

