जगराओं में बुजुर्ग महिला से दिनदहाड़े बालियां झपटीं: लाठी के सहारे जा रही थी पीडि़ता, बाइकसवार दो बदमाशों ने रास्ते में लूटा, CCTV में कैद – Jagraon News
पंजाब में बेखौफ लुटेरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे बुजुर्गों और लाचारों को भी निशाना बनाने से नहीं हिचक रहे हैं। जगराओं के सिधवां बेट क्षेत्र से दिनदहाड़े एक बुजुर्ग महिला से सोने की बालियां झपटने का बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना पास ही में लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। लाठी के सहारे जा रही थी बुजुर्ग महिला, झपट्टा मार सड़क पर गिराया पीड़ित महिला की पहचान सिधवां बेट की रहने वाली मनजीत कौर के रूप में हुई है। घटना के वक्त मनजीत कौर लाठी के सहारे पैदल अपने घर की तरफ जा रही थीं। पीड़ित बुजुर्ग महिला ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि मैं पैदल अपने घर जा रही थी, तभी सामने से बाइक पर दो युवक आए। उन्होंने मेरे पास आकर बाइक की रफ्तार धीमी की और अचानक मेरे कान पर झपट्टा मारकर सोने की बाली नोच ली। मैंने शोर मचाते हुए उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन झटके के कारण मैं संतुलन खो बैठी और सड़क पर गिर पड़ी।” सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, इलाके के लोगों में दहशत दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद से इलाके के लोगों में भारी दहशत और रोष का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अब शहर और गांवों की सड़कों या गलियों में अकेले चलना भी सुरक्षित नहीं रह गया है।फिलहाल, पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की शिनाख्त और धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
Source link

