चंडीगढ़-ज़ीरकपुर रोड पर शराब से भरा कैंटर पकड़ा: क्यूआर कोड से छेड़छाड़ कर ले जाई जा रही थी शराब, चालक गिरफ्तार – Mohali News
पंजाब सरकार के अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पंजाब आबकारी विभाग को बड़ी सफलता मिली है। विभाग की टीम ने चंडीगढ़ से मोहाली के ज़ीरकपुर रोड पर एक कैंटर को रोककर केवल चंडीगढ़ यूटी (UT) में बिक्री के लिए निर्धारित 140 पेटियां अवैध शराब बरामद की हैं। पुलिस ने मौके से हरियाणा निवासी चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई डिप्टी कमिश्नर (आबकारी) पटियाला खुशदिल संधू, सहायक आबकारी आयुक्त रोपड़ रेंज अशोक चलोत्रा और आबकारी अधिकारी मोहाली दीवान चंद शर्मा के दिशा-निर्देशों पर की गई। आबकारी निरीक्षक गुरप्रीत सिंह ने पुलिस टीम के साथ चंडीगढ़-ज़ीरकपुर मार्ग पर स्थित ‘होटल वेलवेट क्लार्क्स’ के पास विशेष नाकाबंदी की थी। सटीक गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्ध कैंटर (नंबर HR-38AA-2423) को रोककर जब उसकी सघन तलाशी ली गई, तो उसमें से चंडीगढ़ मार्का शराब का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। कैंटर से नामी ब्रांड्स की कुल 140 पेटियां शराब बरामद की गईं। कैंटर में किस ब्रांड की कितनी शराब मिली QR कोड से छेड़छाड़, आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शराब की बोतलों पर होलोग्राम तो मौजूद थे, लेकिन उन पर लगे QR कोड्स से छेड़छाड़ (Tampering) की गई थी, ताकि सप्लाई चेन को ट्रैक न किया जा सके। गिरफ्तार चालक की पहचान अमन पुत्र जहांगीर, निवासी विकास नगर, पानीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना ज़ीरकपुर में पंजाब आबकारी अधिनियम, 1914 की धारा 61(1)(14) और 78(2) के तहत एफआईआर दर्ज की जा रही है। आबकारी विभाग और पुलिस अब आरोपी से सख्ती से पूछताछ कर रही है। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि चंडीगढ़ से शराब की यह खेप कहाँ से लोड की गई थी और इसे पंजाब या अन्य राज्यों में किस मुख्य तस्कर/ठिकाने तक पहुँचाया जाना था।
Source link

