गुरु रविदास जी का संदेश गांव-गांव पहुंचेगा: तरनतारन में LED वैन रवाना, दिखाई जाएगी 30 मिनट की डॉक्यूमेंट्री – tarn-taran News
पंजाब सरकार ने श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में एक विशेष पहल की है। इसके तहत राज्य के सभी गांवों में एलईडी वैन के माध्यम से गुरु रविदास जी के जीवन दर्शन और शिक्षाओं पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई जाएगी। इसी क्रम में तरनतारन जिले के गांवों के लिए ये वैन आज लॉन्च की गईं। डिप्टी कमिश्नर श्री राहुल ने बताया कि जिले के चार गांवों में प्रतिदिन शाम को यह डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित की जाएगी। पहले दिन, यह फिल्म हल्का तरनतारन के सोहल और बाबा सैन भगत गांवों में, और हल्का खडूर साहिब के बठ कलां और देव गांवों में दिखाई गई। इन वैन पर 12 फीट x 8 फीट की बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। DC ने की लोगों से देखने की अपील यह 30 मिनट की डॉक्यूमेंट्री गुरु रविदास जी महाराज की शिक्षाओं को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाएगी। पंजाब सरकार का उद्देश्य गुरु रविदास जी द्वारा दिए गए सामाजिक समानता, सद्भाव, सच्चाई, कड़ी मेहनत और मानवता के संदेश को घर-घर तक पहुंचाना है। यह डॉक्यूमेंट्री युवा पीढ़ी को गुरु साहिब के आदर्शों से जोड़ने और उनके जीवन से प्रेरणा लेने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। डिप्टी कमिश्नर ने लोगों से अपील की कि वे इस पहल का लाभ उठाएं और गुरु रविदास जी के जीवन, शिक्षाओं तथा समाज सुधार में उनके योगदान से प्रेरणा लें। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल समाज में भाईचारे, समानता और एकजुटता की भावना को मजबूत करने में सहायक होंगी।
Source link

