गांव में ही डॉक्टर से सलाह और दवाइयां मिलनी शुरू, औपचारिक उद्घाटन जल्द – Amritsar News
हेल्थ रिपोर्टर | अमृतसर पंजाब सरकार की महत्वाकांक्षी “पिंड क्लीनिक’ योजना की शुरुआत अमृतसर जिले में चरणबद्ध तरीके से हो गई है। जिले के 7 ब्लॉकों में यह योजना लागू की जानी है, जिनमें से रमदास, तरसिक्का और बाबा बकाला ब्लॉक में 6 पिंड क्लीनिक शुरू कर दिए गए हैं। वहीं, जिले के बचे 4 ब्लॉकों में भी जल्द शुरुआत की जाएगी। सरकार की ओर से योजना का औपचारिक उद्घाटन भी जल्द किए जाने की संभावना है। सिविल सर्जन कार्यालय की ओर से 2 दिन पहले ही एमओ (मेडिकल अफसर) समेत 10 सेहत कर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए थे। जिस पर सोमवार को उक्त स्टाफ को ड्यूटी के लिए रवाना कर दिया गया। मंगलवार को रमदास के कोटली दसौंधी, मलूनंगल और भोएवाली, ब्लॉक तरसिक्का के भोएवाल तथा ब्लॉक बाबा बकाला के भोरसी राजपूतां और टौंग गांवों में कुल 6 पिंड क्लीनिक शुरू हो चुके हैं। इन क्लीनिकों में ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और जरूरत पड़ने पर गांव में ही डॉक्टर से ऑनलाइन परामर्श की सुविधा भी मिलेगी। इतना ही नहीं, मरीजों को देखने के बाद उन्हें दी जाने वाली दवाएं भी सेहत कर्मियों को उपलब्ध करा दी गई हैं। पिंड क्लीनिक योजना के लिए स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। इंटरव्यू के बाद मेरिट सूची तैयार कर ली गई है। जिन 3 ब्लॉकों में क्लीनिक शुरू हो चुके हैं, वहां सेवाएं शुरू कर दी गई हैं, जबकि शेष चार ब्लॉकों में भी जल्द स्टाफ की तैनाती के साथ पिंड क्लीनिक शुरू कर दिए जाएंगे। गांवों में क्लीनिक संचालित करने के लिए पंचायतों और सरपंचों के सहयोग से गुरुद्वारा साहिब, धर्मशाला और अन्य सार्वजनिक भवनों में कमरे उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि बिना नए भवन निर्माण के कम खर्च में योजना संचालित की जा सके। पिंड क्लीनिक योजना को पंजाब के ग्रामीण स्वास्थ्य ढांचे में एक नई पहल माना जा रहा है। अब तक ग्रामीणों को प्राथमिक इलाज के लिए पीएचसी , सीएचसी या आम आदमी क्लीनिक नहीं जाना पड़ेगा। अमृतसर के सातों ब्लॉकों में योजना लागू होने के बाद ग्रामीण इलाकों के हजारों लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा और सिविल अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा आम आदमी क्लीनिक पर मरीजों का दबाव कम होने की भी उम्मीद है। भोरसी राजपूतां का पिंड क्लीनिक
Source link

