खान सर के गार्ड्स का फायरिंग करते VIDEO: पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया; ज्ञान बिंदु ग्रुप बोला- खुद गोली चलवाकर हमें फंसाया – Patna News
पटना7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
खान सर के कोचिंग सेंटर पर 2 मई की रात को हुए हमले के दौरान फायरिंग का वीडियो सामने आया है।
पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर पर 2 मई की रात हुए फायरिंग मामले में नया वीडियो सामने आया है। यह वीडियो ज्ञान बिंदु कोचिंग की ओर से जारी किया गया है। वीडियो में दावा किया गया है कि विवाद के दौरान फायरिंग खान सर के गार्ड ने की थी।
ज्ञान बिंदु टीम के आदर्श कुमार ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में वीडियो जारी करते हुए कहा कि पूरी घटना पहले से प्लान की गई थी। फायरिंग खान सर के कहने पर की गई। उन्होंने सवाल उठाया कि वीडियो में रौशन आनंद कहीं नजर नहीं आ रहे, फिर उनकी गिरफ्तारी क्यों हुई। साथ ही खान सर की गिरफ्तारी की मांग भी की।
वहीं, वीडियो सामने आने के बाद पुलिस खान सर के कोचिंग सेंटर पहुंची और पूछताछ के लिए दो गार्डों को हिरासत में लिया है।

पटना पुलिस ने खान सर के 2 गार्ड्स को हिरासत में लिया है।
2 मई की रात हमले के दौरान फायरिंग का आरोप
2 मई की रात करीब 10 बजे पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर पर हमला हुआ था। आरोप है कि कुछ लोगों ने कोचिंग सेंटर के गार्ड की पिटाई की, परिसर में पत्थरबाजी की और खान सर के पोस्टर-बैनर फाड़ दिए।
घटना की सूचना मिलने पर खान सर मौके पर पहुंचे। उन्होंने शुरुआत में दावा किया था कि हमलावरों ने 8 से 10 राउंड फायरिंग भी की है। हालांकि, कुछ समय बाद उन्होंने फायरिंग वाले बयान से दूरी बना ली।
इसके बाद खान सर की ओर से ज्ञान बिंदु कोचिंग पर हमला कराने का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई गई। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
गिरफ्तारी के बाद रौशन आनंद ने आरोप लगाया था कि उन्हें झूठे मामले में फंसाया गया है और इस घटना में उनकी कोई भूमिका नहीं है। अब नए वीडियो के सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

हमले में खान सर की कोचिंग का गार्ड बुरी तरह घायल हो गया।
वीडियो में गार्ड के साथ मारपीट करते दिखे थे लोग
बुधवार को हमला के सीसीटीवी फुटेज भी आया। वीडियो में कुछ लोग कोचिंग के गार्ड के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान ईंट-पत्थर चलाए गए और कोचिंग के पोस्टर भी फाड़ दिए गए थे।

CCTV में सफेद शर्ट में एक शख्स गार्ड को बाहर ले जाता हुआ दिख रहा है।

गार्ड को बाहर ले जाने के बाद कुछ और लोग आते हैं और उसे पीटने लगते हैं।

मारपीट के दौरान खान सर की कोचिंग के पोस्टर भी फाड़े गए।
ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत 3 को जेल भेजा
पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद और उनके दो सहयोगियों अभिषेक व गौरव को गिरफ्तार किया। बुधवार शाम तीनों को कोर्ट में पेश किया गया, जिसके बाद पटना सिविल कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेज दिया।
गिरफ्तारी के बाद रौशन आनंद ने खुद को बेगुनाह बताते हुए कहा, “पुलिस ने साफ किया है कि गोली चलने की बात नहीं है। पूरी तरह हमें और ज्ञान बिंदु को बर्बाद करने की साजिश है। घटना की जानकारी मुझे नहीं थी। मैं किडनी का मरीज हूं और पिछले साल मेरा ऑपरेशन भी हुआ था।”

कोर्ट में पेशी से पहले रौशन आनंद ने कहा था कि ये सब मुझे फंसाने की साजिश है।
मुझे फंसाया जा रहा है, मुझे कोर्ट पर भरोसा है
जेल भेजे जाने के बाद रौशन आनंद ने कहा कि गोली चलने के आरोप को प्रमुखता देकर उन्हें फंसाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि उनकी संस्था को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है।
रौशन आनंद ने कहा, “जब कोई आगे बढ़ता है तो उसे दबाने की कोशिश की जाती है। हम मेहनत के दम पर आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन हमें रोकने की कोशिश हो रही है।”
उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले में गलत तरीके से फंसाया गया है, लेकिन उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। रौशन आनंद ने कहा, “भारत का राष्ट्रीय वाक्य ‘सत्यमेव जयते’ है। सत्य की ही जीत होती है। हमें विश्वास है कि हमें न्याय मिलेगा और हम सच के साथ बाहर आएंगे।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में उनकी संस्था के छात्रों का अच्छा प्रदर्शन होने के कारण उन्हें निशाना बनाया गया। रौशन आनंद ने कहा, “यह पूरी तरह सोची-समझी साजिश है। हमें न्यायपालिका पर भरोसा है। अब देखना है कि हमें न्याय मिलता है या नहीं।”

खान सर और रौशन आनंद विवाद पर पप्पू यादव की अपील
खान सर और ज्ञान बिंदु कोचिंग विवाद पर सांसद पप्पू यादव ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र को विवाद का अखाड़ा नहीं बनाना चाहिए। पप्पू यादव ने कहा, “खान सर और रौशन आनंद, दोनों बिहार की पहचान हैं। अगर किसी से कोई गलती हुई है तो उसे भूलकर आगे बढ़ना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि रौशन आनंद किसी साजिश में शामिल हो सकते हैं। वहीं खान सर से भी विवाद से दूर रहने की अपील की। पप्पू यादव ने लोगों से भी कहा कि दोनों कोचिंग संस्थानों के बीच जाति के नाम पर विवाद न फैलाएं।

फायरिंग की बात से पलटे थे खान सर
खान सर ने कहा था, हमले में सिक्योरिटी गार्ड का सिर फोड़ दिया गया।। उसे PMCH में भर्ती कराया गया है। खान सर ने पहले 8 से 10 राउंड गोली चलने का दावा किया था। हालांकि, बाद में वे अपने बयान से पलट गए।
उन्होंने कहा- ‘माहौल इतना तनावपूर्ण था कि मुझे कुछ समझ नहीं आया।’ खान सर की ओर से दायर FIR में भी गोलीबारी का कोई जिक्र नहीं है। साथ ही पटना पुलिस ने भी फायरिंग से इनकार किया है।

———————
ये खबर भी पढ़ें
पटना में खान सर की कोचिंग पर हमले का VIDEO:गार्ड से मारपीट-पथराव, पोस्टर फाड़े; ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर समेत 3 गिरफ्तार

पटना में मंगलवार रात खान सर की कोचिंग ग्लोबल स्टडीज पर हमला हुआ। हमले का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में कुछ लोग गार्ड को पीटते दिख रहे हैं। इस दौरान ईंट-पत्थर भी चलाए गए थे। पूरी खबर पढ़िए


