कपूरथला टेंट हाउस गोदाम में भीषण आग: बुझाने में लगीं दमकल की पांच गाडि़यां, लाखों रुपए का सामान हुआ खाक, कारणों का पता नहीं – Kapurthala News
कपूरथला के स्थानीय अमृतसर रोड पर स्थित एक टेंट हाउस के गोदाम में शनिवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। फायर ब्रिगेड विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10:35 बजे अमृतसर रोड पर स्थित ‘मनदीप टेंट हाउस’ के गोदाम में आग लगने की सूचना कंट्रोल रूम को मिली थी। सूचना मिलते ही फायर अधिकारी गुरप्रीत सिंह के नेतृत्व में नौ सदस्यीय टीम दमकल वाहनों के साथ तुरंत घटनास्थल पर रवाना हुई।आग की लपटों और तीव्रता को देखते हुए एक के बाद एक दमकल विभाग की 5 गाड़ियों को काम पर लगाया गया।
लाखों रुपये का सामान खाक प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोदाम के अंदर बड़ी मात्रा में टेंट का कपड़ा, सजावटी सामग्री, स्टेज का सामान, कुर्सियां और अन्य ज्वलनशील वस्तुएं रखी हुई थीं। इन सभी चीजों ने आग को तेजी से पकड़ा, जिससे नुकसान का दायरा बढ़ गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस हादसे में संचालक को लाखों रुपये का वित्तीय नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के असली कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। शुरुआती तौर पर इसे शॉर्ट सर्किट से जोड़कर देखा जा रहा है। दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह से काबू पाने और कूलिंग ऑपरेशन खत्म होने के बाद ही कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।
Source link

