इंग्लैंड में तरनतारन की किरनदीप की चाकू-घोंपकर बेरहमी से हत्या: दो साल पहले जमीन बेचकर परिवार ने भेजा था बाहर – Amritsar News
पंजाब के तरनतारन जिले के पिद्दी गांव की रहने वाली 24 वर्षीय किरनदीप कौर की इंग्लैंड में हत्या कर दी गई। इस घटना से परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है। किरनदीप करीब दो साल पहले स्टूडेंट वीजा पर उच्च शिक्षा के लिए ब्रिटेन गई थीं। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्हें वर्क परमिट मिल गया था और वह वहीं रहकर नौकरी कर रही थीं। मृतका के पिता सुखदेव सिंह और माता बलजीत कौर ने बताया कि बेटी के उज्ज्वल भविष्य के लिए उन्होंने अपनी जमीन बेचकर उसे इंग्लैंड भेजा था। परिवार को उम्मीद थी कि उनकी बेटी विदेश में अपना बेहतर भविष्य बनाएगी, लेकिन यह दुखद घटना उनकी सारी उम्मीदों पर पानी फेर गई। कमरे में सोते समय हमलावर ने किया हमला परिजनों के अनुसार, रविवार सुबह किरनदीप अपने कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात हमलावर कथित तौर पर कमरे में घुसा और धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। हमले में शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। इधर, पंजाब में मौजूद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता सुखदेव सिंह, जो एक छोटे किसान हैं, ने भारत सरकार और विदेश मंत्रालय से अपील की है कि उनकी बेटी का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द भारत लाने में मदद की जाए, ताकि उसका अंतिम संस्कार पैतृक गांव में किया जा सके। परिवार को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने भी सरकार से परिवार की हरसंभव सहायता करने और मामले में उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, परिवार को उम्मीद है कि ब्रिटेन की पुलिस जल्द ही हत्या की गुत्थी सुलझाकर आरोपी को गिरफ्तार करेगी।
Source link

