अमृतसर में ऑटो-ई-रिक्शा ड्राइवरों की हड़ताल कल से: न्यूनतम किराया 20 रुपए करने की मांग, महंगाई के विरोध में रोष मार्च – Amritsar News

अमृतसर में ऑटो-ई-रिक्शा ड्राइवरों की हड़ताल कल से:  न्यूनतम किराया 20 रुपए करने की मांग, महंगाई के विरोध में रोष मार्च – Amritsar News




अमृतसर में ऑटो और ई-रिक्शा चालक रविवार सुबह से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। चालकों ने शनिवार को बढ़ती महंगाई और किराया दरों को लेकर विशाल रोष मार्च निकाला। श्री गुरु रामदास ऑटो यूनियन ने न्यूनतम किराया 10 रुपए से बढ़ाकर 20 रुपए करने की मांग की है। पंजाब राज्य ऑटो यूनियन के अध्यक्ष तीरथ सिंह कोहाली ने बताया कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण 10 रुपए के किराए में गुजारा करना मुश्किल हो गया है। इसी वजह से यूनियन ने न्यूनतम किराया 20 रुपए निर्धारित करने का फैसला किया है। उन्होंने यात्रियों से 20 रुपए से कम किराया देने का दबाव न बनाने की अपील की और सभी चालकों को भी 20 रुपए से कम किराया न लेने के निर्देश दिए। यूनियन ने दी चेतावनी यूनियन ने चेतावनी दी है कि हड़ताल के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी। इनमें अटारी रोड, अजनाला रोड, मजीठा रोड और चब्बाल रोड शामिल हैं। यूनियन ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई चालक संगठन के फैसले के विपरीत वाहन चलाता है और उसके साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो उसकी जिम्मेदारी स्वयं उसकी होगी। शनिवार को निकाला गया रोष मार्च इंडिया गेट से शुरू हुआ। यह छेहरटा चौक, गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी, पुतलीघर चौक, वाल्मीकि चौक, रेलवे स्टेशन, अशोका चौक, भंडारी पुल, घास मंडी चौक, हुसैनपुरा चौक, बस स्टैंड और तंदूरां वाला चौक से होते हुए जहाजगढ़ स्थित पांच पीर पार्किंग के पास समाप्त हुआ। यूनियन नेताओं ने बताया कि वे अपनी मांगों को लेकर डिप्टी कमिश्नर को ज्ञापन भी सौंप चुके हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि हड़ताल के कारण आम लोगों को असुविधा होगी। हालांकि, गरीब ऑटो चालकों की रोजी-रोटी और बढ़ती महंगाई को देखते हुए उन्होंने जनता से एक दिन का सहयोग और आंदोलन का समर्थन करने की अपील की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *