अबोहर मेयर चुनाव अंतिम समय पर टला: भाजपा ने सरकार को घेरा, आप बोली- बहुमत है तो चिंता कैसी – Abohar News

अबोहर मेयर चुनाव अंतिम समय पर टला:  भाजपा ने सरकार को घेरा, आप बोली- बहुमत है तो चिंता कैसी – Abohar News




अबोहर नगर निगम में मेयर, वरिष्ठ उप मेयर और उप मेयर पदों के लिए मंगलवार को प्रस्तावित चुनाव अंतिम समय में स्थगित कर दिए गए। चुनाव टलने के बाद शहर की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। प्रशासन की ओर से चुनाव स्थगित किए जाने का कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया, जिससे विभिन्न राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। चुनाव प्रक्रिया को लेकर नगर निगम परिसर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। निगम कार्यालय के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और फिरोजपुर से आयुक्त के पहुंचने की भी तैयारी थी। हालांकि बैठक शुरू होने से पहले ही चुनाव स्थगित किए जाने की सूचना मिल गई। इसके बाद भाजपा और आम आदमी पार्टी के नेताओं ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं। भाजपा ने आप सरकार पर साधा निशाना भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव स्थगन को लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अपमान बताते हुए पंजाब सरकार पर निशाना साधा। अबोहर के भाजपा विधायक संदीप जाखड़ ने कहा कि अबोहर नगर निगम पूरे पंजाब में एकमात्र ऐसा निकाय है जहां भाजपा को स्पष्ट बहुमत प्राप्त हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सरकार इस स्थिति को स्वीकार नहीं कर पा रही है। जाखड़ ने प्रशासन से चुनाव स्थगित करने के कारणों को लिखित रूप में सार्वजनिक करने की मांग भी की। आप ने आरोपों को नकारा वहीं आम आदमी पार्टी के हल्का इंचार्ज अरुण नारंग ने भाजपा के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा के पास वास्तव में बहुमत है तो उसे किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। चुनाव आज नहीं हुआ तो आने वाले दो-चार दिनों में कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि चुनाव टलने से शहर के विकास कार्य प्रभावित नहीं होंगे और प्रशासनिक कामकाज पहले की तरह जारी रहेगा। बीजेपी पर माहौल खराब करने का आरोप अरुण नारंग ने भाजपा पर आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही थी। उनके अनुसार निगम कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में युवाओं को एकत्र किया गया था, जिससे तनाव की स्थिति पैदा हो सकती थी। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा चुनाव को लेकर गंभीर थी तो उसे अपने निर्वाचित पार्षदों के साथ ही उपस्थित होना चाहिए था। उल्लेखनीय है कि मई में हुए नगर निगम चुनाव में 50 वार्डों में से भाजपा ने 28 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। आम आदमी पार्टी को 20 सीटें मिली थीं, जबकि कांग्रेस और एक निर्दलीय उम्मीदवार ने एक-एक सीट जीती थी। 29 मई को परिणाम घोषित होने के बाद से ही मेयर चुनाव का इंतजार किया जा रहा था। सूत्रों के अनुसार मेयर पद के लिए पूजा वधवा, वरिष्ठ उप मेयर पद के लिए धर्मवीर मलकट और उप मेयर पद के लिए दीपक छापोला के चुने जाने की चर्चा थी। अब सभी की निगाहें प्रशासन के अगले आदेश पर टिकी हैं, जिसमें चुनाव की नई तारीख घोषित की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *