अंडर-18 हॉकी एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान को हराया: सेमीफाइनल 5-3 से जीता; आशीष तानी ने 4 गोल किए
- Hindi News
- Sports
- India U18 Hockey, Pakistan Hockey, Asia Cup 2026, Hockey Semifinal, Ashish Tani, India Vs Pakistan Hockey, Hockey Final, Mens U18 Asia Cup
स्पोर्ट्स डेस्क11 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
भारतीय अंडर-18 मेंस हॉकी टीम ने शुक्रवार को सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 5-3 से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही भारत ने एशिया कप के फाइनल में जगह बना ली है।
फाइनल में भारत का सामना शनिवार को जापान से होगा। मैच के तीसरे क्वार्टर तक 2-3 से पिछड़ रही भारतीय टीम ने आखिरी क्वार्टर में 3 गोल दागे और मैच अपने नाम कर लिया।
आखिरी क्वार्टर में भारत की वापसी
मैच के तीसरे क्वार्टर के बाद भारतीय टीम 2-3 से पीछे चल रही थी। इसके बाद आखिरी 15 मिनट (चौथे क्वार्टर) में भारत ने अटैकिंग गेम खेला और पाकिस्तान पर लगातार 3 गोल दागकर मैच का रुख बदल दिया।
आशीष ने लगाई हैट्रिक, मैच में 4 गोल किए
भारत की इस जीत के स्टार खिलाड़ी आशीष तानी पुर्ति रहे। उन्होंने मैच में 4 गोल किए। इसमें से 3 गोल उन्होंने मैच के आखिरी क्वार्टर में दागे। आशीष ने इस दौरान अपनी हैट्रिक भी पूरी की।

आशीष तानी पुर्ति (बाएं) ने 4 गोल किए।
पहले क्वार्टर में भारत ने बनाई थी 1-0 की बढ़त
जापान के काकामिगाहारा में मैच के 12वें मिनट में भारतीय टीम को पेनल्टी स्ट्रोक मिला। आशीष ने इसे गोल में बदलकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई।
दूसरे क्वार्टर में पाकिस्तान ने गोल दागा
पाकिस्तान ने दूसरे क्वार्टर में वापसी की और 16वें मिनट में अपना पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। हालांकि, भारतीय गोलकीपर आयुष रजक और डिफेंडर अंश बहुत्रा ने मिलकर अहमद उजैर के ड्रैग-फ्लिक को रोक दिया।
पाकिस्तान ने दबाव जारी रखा और 27वें मिनट में अदील ने एक पास को इंटरसेप्ट किया, डिफेंस को छकाया और गोल दागकर हाफ-टाइम तक स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
तीसरे क्वार्टर में पाकिस्तान ने 3-2 की बढ़त बनाई
मैच के 35वें मिनट में शाहरुख अली ने एक क्विक पासिंग मूव को गोल में बदलकर भारत को फिर से 2-1 से आगे कर दिया। इसके ठीक दो मिनट बाद (37वें मिनट में) पाकिस्तान के मुहम्मद फरहान असलम ने गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया। इसके बाद 42वें मिनट में उजैर अहमद कुरैशी ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर पाकिस्तान को मैच में पहली बार 3-2 से आगे कर दिया।
ग्रीन कार्ड और पेनल्टी कॉर्नर्स ने बदला मैच का रुख
चौथे क्वार्टर में भारत ने बराबरी के लिए हमले तेज किए। मैच के 46वें मिनट में पाकिस्तान के मुजम्मिल सईद को ग्रीन कार्ड मिला, जिससे पाकिस्तान की टीम को नुकसान हुआ। भारत ने तुरंत इसका फायदा उठाया और लगातार पेनल्टी कॉर्नर्स हासिल किए। 49वें मिनट में मिले दूसरे पेनल्टी कॉर्नर पर आशीष ने गोल कर स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया।
आशीष ने आखिरी मिनटों में पक्की की भारत की जीत
बराबरी के बाद भारत ने दबदबा बनाए रखा और पेनल्टी कॉर्नर्स की झड़ी लगा दी। पाकिस्तान ने कुछ प्रयासों को रोका, लेकिन 53वें मिनट में आशीष ने एक और गोल दागकर अपनी हैट्रिक पूरी की और भारत को 4-3 की बढ़त दिला दी। मैच खत्म होने से 4 मिनट पहले भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर आशीष ने मैच का अपना चौथा गोल करते हुए लीड को 5-3 कर दिया। अंतिम मिनटों में भारत ने अपना संयम बनाए रखा और जीत पक्की की।


