फिरोजपुर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सुरक्षा एजेंसियों ने हथियारों की खेप बरामद की है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान के बीच दो पिस्तौल, 50 कारतूस, चार मैगजीन और एक ड्रोन बरामद किया। प्रारंभिक आशंका है कि हथियारों की यह खेप ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से भारतीय इलाका में भेजी गई थी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पांच नवंबर को सुबह करीब चार बजे बीएसएफ की 50वीं बटालियन की एफ फर्म और एएनटीएफ फिरोजपुर की टीम ने एक संदिग्ध पैकेट की छानबीन की। पैकेट खोलने पर उसमें 30 बोर की दो पिस्तौल, इसी बोर के 50 कारतूस और चार मैगजीन मिलीं। इसके साथ एक ड्रोन भी बरामद किया गया। प्रारंभिक पड़ताल में हथियारों की खेप पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजे जाने की आशंका जताई जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां बरामद हथियारों और ड्रोन की छानबीन कर रही हैं। साथ ही आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि खेप किसने मंगवाई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
Source: Dianik Bhaskar







