- कॉपी लिंक
राहुल गांधी आज बिश्वनाथ चारियाली में चुनावी रैली कर रहे हैं। उन्होंने कहा- असम के हिमंत भारत के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं, वे सिर्फ नफरत फैलाते हैं। कांग्रेस के सत्ता में आने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हिमंत को माफी मांगने पर भी नहीं बख्शा जाएगा।
राहुल ने कहा- वे इस तरह इसलिए बात करते हैं क्योंकि उन्हें पता है कि कांग्रेस के ‘बब्बर शेर’ उन्हें जेल में डालने वाले हैं। तब उन्हें असम की जनता और कांग्रेस नेताओं से माफी मांगनी पड़ेगी। कांग्रेस की विचारधारा ज़ुबीन गर्ग जैसी है, जिन्होंने असम के लोगों को एकजुट करने का काम किया।
इधर पीएम मोदी भी आज कूचबिहार में रैली के साथ पश्चिम बंगाल में भाजपा के चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। वे दोपहर में रास मेला मैदान में आयोजित ‘बिजॉय संकल्प सभा’ को संबोधित करेंगे।
रैली में मोदी ‘विकसित बंगाल’ का विजन पेश करेंगे और शासन, कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर TMC सरकार को घेर सकते हैं। यह विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद राज्य में उनकी पहली चुनावी रैली होगी।
मोदी ने आखिरी बार 14 मार्च को राज्य का दौरा किया था, जहां उन्होंने कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक रैली को संबोधित किया था और लगभग ₹18,680 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को केरल के तिरुवनंतपुरम में रोड शो किया।
राहुल की स्पीच की बड़ी बातें…
- डोनाल्ड ट्रम्प नरेंद्र मोदी को कंट्रोल करते हैं, और नरेंद्र मोदी और अमित शाह आपके मुख्यमंत्री को कंट्रोल करते हैं, असम दिल्ली से चलता है। हिमंता ने भ्रष्टाचार में अपने परिवार को शामिल करके एक बड़ी गलती भी की है, अब उनके परिवार पर भी आरोप लगेंगे।
- हम साफ तौर पर कह रहे हैं कि हम असम के 6 समुदायों को SC/ST का दर्जा देंगे। हमने अपने घोषणापत्र में यह भी जिक्र किया है कि हम चाय बागान के मजदूरों को हर दिन 450 रुपए देंगे।
- जैसे ही हम असम में सरकार बनाएंगे, हम असम के लिए लिए गए छह फ़ैसलों को लागू करेंगे। हर महिला के बैंक खाते में बिना किसी शर्त के हर महीने नकद राशि भेजी जाएगी।
- जो लोग अपना कारोबार शुरू करना चाहते हैं, उन्हें 50 हजार दिए जाएंगे। 100 दिनों के भीतर, ज़ुबीन गर्ग मामले के आरोपियों को सजा देंगे और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पांचों राज्यों में चुनाव के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाएं…
लाइव अपडेट्स
16 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
बंगाल: कूचबिहार में मोदी की रैली में बिहार से पहुंचे समर्थक, कहा- डबल इंजन सरकार से होगा विकास
पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली से पहले एक समर्थक ने कहा कि वह बिहार के बेगूसराय से आया है। हनुमान के वेश में पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जनता के लिए उसी तरह काम कर रहे हैं जैसे भगवान श्रीराम करते थे, इसलिए वह हनुमान के रूप में आया है। उसने लोगों से भाजपा को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार बनने पर विकास तेज होगा।
53 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
असम: सर्बानंद सोनोवाल बोले- कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और कुप्रशासन के आरोप, जनता का भरोसा मोदी पर
असम में केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय तक भ्रष्टाचार और कुप्रशासन से जुड़ी रही है। कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में असम के साथ विश्वासघात किया, जिससे शासन व्यवस्था प्रभावित हुई और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो सकी।
सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के कदमों से लोग संतुष्ट हैं। उन पर भरोसा करते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी या प्रियंका गांधी के आने से फर्क नहीं पड़ेगा और असम भाजपा के साथ है।
56 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
बंगाल: ममता बनर्जी बोले- EVM को 24 घंटे निगरानी में रखें
मुर्शिदाबाद में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और भवानीपुर सीट से TMC उम्मीदवार ममता बनर्जी ने कहा कि सभी EVM मशीनों की अच्छी तरह जांच की जाए। बूथ एजेंट भी उन्हें ध्यान से देखें।
उन्होंने कहा कि मतदान के बाद केंद्रीय बलों की मौजूदगी में मशीनों से छेड़छाड़ की आशंका हो सकती है, इसलिए 24 घंटे निगरानी रखनी जरूरी है। ममता ने कहा कि EVM के साथ किसी तरह की हैकिंग या गड़बड़ी न हो, इस पर खास नजर रखी जाए।
09:35 AM5 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
नंदीग्राम में मुख्य निर्वाचन अधिकारी का दौरा, कहा- निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव होंगे
पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर में मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल ने कहा कि वे उन गांवों का दौरा कर रहे हैं, जहां पहले हिंसा हुई थी और आगे भी हर जिले में जाकर लोगों से मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित किए जाएंगे और कानून-व्यवस्था बनाए रखी जाएगी। लोगों से बिना डर और बिना किसी दबाव के मतदान करने की अपील की गई।
अग्रवाल ने कहा कि लोगों ने चुनाव के बाद हिंसा को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी शिकायतों पर कार्रवाई होगी और निष्पक्ष, स्वतंत्र व शांतिपूर्ण चुनाव कराए जाएंगे, जहां हर व्यक्ति बिना डर और भेदभाव के वोट डाल सके।
09:21 AM5 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
कांग्रेस का आरोप- असम CM की पत्नी के पास दोहरी नागरिकता
कांग्रेस ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी को लेकर दोहरी नागरिकता का आरोप लगाया है। कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने रविवार को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि सरमा की राजनीति मुसलमानों के खिलाफ नफरत पर आधारित है, जबकि उनकी पत्नी के पास दो मुस्लिम देशों के पासपोर्ट होने का आरोप है। भारतीय कानून के अनुसार दोहरी नागरिकता की अनुमति नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरमा की पत्नी भारतीय पासपोर्ट भी रखती हैं।
कांग्रेस नेता ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस मामले में जवाब मांगा और पूछा कि क्या इसकी जांच के लिए SIT गठित की जाएगी।
08:53 AM5 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अधीर रंजन बोले- बंगाल में ममता बनर्जी ही भाजपा को लाई थीं
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा- हिंदुस्तान में ममता बनर्जी के रहते हुए मैं भाजपा के करीब नहीं जा सकता क्योंकि बंगाल में ममता बनर्जी ही भाजपा को लाई थी। भाजपा सरकार में वे मंत्री भी थीं। ममता बनर्जी जब तक हैं तब तक भाजपा को बंगाल में अधीर रंजन चौधरी की जरूरत नहीं पड़ेगी क्योंकि ममता बनर्जी उनके साथ हैं। दोनों मिलकर लड़ते हैं।
08:32 AM5 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
सिलीगुड़ी TMC कैंडिडेट ने की 4.52 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति घोषित
सिलीगुड़ी विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार गौतम देब ने 4.52 करोड़ रुपए से अधिक की चल और अचल संपत्ति घोषित की और कहा कि उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है।
वहीं, सिलीगुड़ी के मेयर ने चुनाव आयोग को अपने नामांकन के साथ प्रस्तुत हलफनामे में कहा है कि उनके पास 1.58 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और तीन मंजिला इमारत सहित अचल संपत्ति है, जिसका वर्तमान बाजार मूल्य 2.94 करोड़ रुपये है।
टीएमसी नेता ने कहा कि उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है और उन्हें कभी भी किसी आपराधिक मामले में दोषी नहीं ठहराया गया है।
08:16 AM5 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
तीन-भाषा नीति विवाद पर BJP बोली- स्टालिन देश की एकता को कमजोर कर रहे
BJP नेता CR केसवन ने रविवार को तमिलनाडु के MK स्टालिन पर CBSE के तीन-भाषा पाठ्यक्रम पर हालिया टिप्पणियों को लेकर निशाना साधा और इसे “भाषा नीति के बारे में तथ्यों को जानबूझकर तोड़-मरोड़कर पेश करने की कोशिश” बताया।
केसवन ने स्टालिन पर तमिलनाडु के युवाओं को उनके हकों से वंचित करने और उनके साथ अन्याय करने का आरोप लगाया।
08:06 AM5 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
स्टालिन बोले- 2026 के चुनाव का सुपरस्टार DMK का घोषणापत्र है
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने रविवार को कहा कि वादे तो कोई भी कर सकता है, लेकिन जनता सिर्फ उनकी पार्टी के वादों पर ही भरोसा करती है। मैंने DMK के मेनिफेस्टो को 2026 के चुनावी मैदान के ‘सुपरस्टार’ के तौर पर पेश किया है। 6 साल से लेकर 60 साल तक, महिलाओं से लेकर पुरुषों तक, युवाओं से लेकर बुज़ुर्गों तक, हर किसी को DMK का चुनावी घोषणापत्र पसंद है। ऐसा कोई हो ही नहीं सकता जिसे यह पसंद न आए।”
08:00 AM5 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
केरल के कन्नूर में कर्नाटक के डिप्टी CM शिवकुमार का रोड शो
केरल में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और कांग्रेस सांसद के सुधाकरन ने कन्नूर शहर में एक रोड शो किया।
07:33 AM5 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
केरल और बंगाल में विधानसभा चुनाव से जुड़े अपडेट्स
- TMC सांसद महुआ मोइत्रा के गुजराती समुदाय पर दिए बयान से पार्टी ने किनारा कर लिया है। पार्टी प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा कि पार्टी इस तरह के विचारों का समर्थन नहीं करती। दरअसल, मोइत्रा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- बंगालियों ने आजादी की लड़ाई में नेतृत्व किया। गुजराती कौन थे? क्या आप एक भी गुजराती का नाम बता सकते हैं, सिवाय वीर सावरकर के, जो माफी पत्र लिखना चाहते थे?” उनके इस बयान पर भवानीपुर में तीखी प्रतिक्रिया हुई, जहां गुजराती मतदाता कुल वोटरों का 30% से ज्यादा हैं। ममता यहां से चुनाव लड़ रही हैं।
- पश्चिम बंगाल में भाजपा ने उम्मीदवारों की 5वीं लिस्ट जारी कर दी है। इसमें पांच उम्मीदवारों के नाम हैं, जबकि तीन सीटों पर उम्मीदवार बदल दिए गए हैं। पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री तपन सिकदर के भतीजे सौरव सिकदर को दमदम उत्तर से उम्मीदवार बनाया है।
- ADR की रिपोर्ट में सामने आया है कि केरल में 38% उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि 39% उम्मीदवार करोड़पति हैं। 863 उम्मीदवारों में से 324 ने अपने खिलाफ आपराधिक मामलों की जानकारी दी है, जिनमें 201 पर गंभीर आरोप हैं। कांग्रेस के 85 में से 72, BJP के 93 में से 59 और CPI(M) के 77 में से 51 उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले हैं।
07:18 AM5 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ममता बोलीं- BJP सत्ता में आई तो बंगाली भाषा को खत्म कर देगी
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान शमशेरगंज में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। ममता बोलीं- अगर TMC को दोबारा सत्ता में नहीं लाया गया, तो BJP बंगाली भाषा को खत्म कर देगी।
06:42 AM5 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमित शाह ने केरल के बेपोर में रोड शो किया
गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को बेपोर विधानसभा क्षेत्र में एक रोड शो किया। जहां 9 अप्रैल को होने वाले चुनावों से पहले NDA के लिए प्रचार कर रहे BJP नेता का स्वागत करने के लिए हजारों लोग पहुंचे।
शाह ने बेपोर विधानसभा क्षेत्र में BJP उम्मीदवार एडवोकेट केपी प्रकाश बाबू के लिए रोड शो किया।
केरल विधानसभा के 140 सदस्यों को चुनने के लिए राज्य में 9 अप्रैल 2026 को विधानसभा चुनाव होने हैं।
शाह, शनिवार शाम को कालीकट पहुंचे थे। जहां उन्होंने माथोट्टम बिजिथ जंक्शन से नाडुवट्टम तक रोड शो किया; इस दौरान सैकड़ों BJP कार्यकर्ता और समर्थक पार्टी के झंडे लिए और भगवा पगड़ियां पहने सड़क के दोनों ओर खड़े थे।
06:15 AM5 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
एक्टर विजय का नया हलफनामा, इसमें 2 पेंडिंग FIR का जिक्र
TVK चीफ विजय ने पहले एक चुनावी हलफनामा दाखिल किया था जिसमें कोई लंबित आपराधिक मामला नहीं था। अब उन्होंने तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के लिए रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष दाखिल किए गए एक नए हलफनामे में दो लंबित FIR की घोषणा की है।
यह नया हलफनामा जिसे 3 अप्रैल को नोटीफाइ किया गया था, 4 अप्रैल को एक प्रतिनिधि ने दाखिल किया गया। इसमें चेन्नई और मदुरै के दो मामलों का जिक्र है।
04:37 AM5 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
BJP के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने 2 करोड़ की संपत्ति घोषित की
BJP के नेता और खड़गपुर सदर विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार दिलीप घोष ने कुल 2 करोड़ रुपए की संपत्ति घोषित की है। यह उनकी 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान बताई गई 1.82 करोड़ रुपए की कुल संपत्ति से ज्यादा है। 2024 का लोकसभा चुनाव उन्होंने बर्धमान-दुर्गापुर सीट से लड़ा था, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली थी।
चुनावी हलफनामे के अनुसार, उनकी चल संपत्ति फिलहाल 28.75 लाख है, और नकद लगभग 3.5 लाख रुपए है। उनकी पत्नी, रिंकू मजूमदार के पास 22.98 लाख रुपए की चल संपत्ति है, और हाथ में लगभग 50 लाख रुपए नकद हैं।
2026 के विधानसभा चुनावों के लिए अपने हलफनामे में, घोष ने यह भी बताया कि अब उन पर कोई कर्ज नहीं है।
03:03 AM5 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
BJP उम्मीदवार बोले- 5 मार्च को आउटरीच इवेंट, हजारों लोग ऑनलाइन जुड़ेंगे
असम की ढेकियाजुली सीट से भाजपा उम्मीदवार अशोक सिंघल ने कहा- 5 मार्च को, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करके एक आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 2,500 जगहों पर, 40-50 मतदाताओं के समूह इकट्ठा होंगे, कुल मिलाकर 1-1.25 लाख प्रतिभागी होंगे। उम्मीदवार ऑनलाइन भाषण देंगे, जिसे एक ही समय पर इन सभी जगहों पर लाइव स्ट्रीम किया जाएगा। इस नए तरीके में प्रचार का कोई खर्च नहीं आता, क्योंकि मतदाता आस-पास की जगहों पर ही इकट्ठा होते हैं, जिससे यात्रा का खर्च बच जाता है। किसी भी विधानसभा क्षेत्र में किसी अन्य उम्मीदवार ने पहले ऐसा कोई डिजिटल प्रयोग नहीं किया है।
02:09 AM5 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
CPIM नेता बोलीं- केरल में LDF की सरकार आएगी
केरल के कन्नूर में CPIM नेता वृंदा करात ने कहा- पूरे केरल में एक बहुत बड़ा अभियान चल रहा है। इसमें कोई शक नहीं है कि लोग LDF को तीसरी बार सत्ता में लाने के समर्थन में बड़ी संख्या में बाहर आ रहे हैं। इसकी वजह वह शानदार काम है जो LDF सरकार ने केरल के लिए किया है। यह एक अलग मॉडल है क्योंकि यह लोगों पर केंद्रित विकास पर आधारित है।
08:03 PM4 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
शशि थरूर से अभद्रता, काफिला रोकने के मामले में 2 गिरफ्तार
केरल के वंडूर इलाके में चुनाव प्रचार के दौरान शनिवार को कांग्रेस सांसद शशि थरूर के साथ अभद्रता और रास्ता रोकने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, चेल्लिथोडु इलाके में करीब पांच युवकों ने थरूर के काफिले को रोका और उनके साथ गाली-गलौज की। इस मामले में थरूर के गनमैन की शिकायत पर FIR दर्ज की गई है।
थरूर ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया, लेकिन कहा कि इससे उनके प्रचार अभियान पर कोई असर नहीं पड़ेगा और वे अपना कार्यक्रम जारी रखेंगे।
घटना के समय थरूर UDF उम्मीदवार एपी अनिल कुमार के समर्थन में प्रचार कर रहे थे। केरल में 9 अप्रैल को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होगा, जबकि मतगणना 4 मई को होगी।







