- कॉपी लिंक
आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े पांच आतंकियों को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। दो दिन पहले इन पाचों को अरेस्ट किया गया था। इसमें दो पाकिस्तानी आतंकी हैं। एक आतंकी पिछले 16 साल से फरार था।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
शारदा चिटफंड केस में सुदीप्त सेन को जमानत; आखिरी 2 मामलों में HC से राहत

कलकत्ता हाईकोर्ट ने शारदा चिटफंड घोटाले के मुख्य आरोपी सुदीप्त सेन को आखिरी दो मामलों में जमानत दे दी। 13 साल से जेल में बंद सेन की रिहाई का रास्ता साफ हो गया है। ये मामले उत्तर 24 परगना के बरासात थाने से जुड़े हैं।
सुदीप्त सेन को पहले ही उसके खिलाफ दर्ज 300 मामलों में जमानत मिल चुकी थी। इनमें सीबीआई द्वारा दर्ज चार केस भी शामिल हैं।
सुदीप्त सेन को अप्रैल 2013 में जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किया गया था। उस पर आरोप है कि उसने शारदा ग्रुप के जरिए लाखों लोगों से सैकड़ों करोड़ रुपए की ठगी की।
आतंकी संगठन से संबंधों के आरोप में जम्मू-कश्मीर के दो सरकारी कर्मचारियों की सेवा समाप्त

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन से संबंधों के आरोप में दो सरकारी कर्मचारियों की सेवा समाप्त कर दी है। सूत्रों के मुताबिक लंबे समय से इन कर्मचारियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।
बर्खास्त किए गए लोगों में से एक, रामबन जिले के शिक्षा विभाग में चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी फरहत अली खंडे पर आरोप है कि वह हिजबुल मुजाहिदीन के लिए काम कर रहा था। दूसरा कर्मचारी, बांदीपोरा का मोहम्मद शफी डार, ग्रामीण विकास विभाग में कार्यरत था।
पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई का निधन, नोएडा के मेट्रो अस्पताल में भर्ती थीं

पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मोहसिना किदवई (94) का बुधवार को निधन हो गया। उन्होंने इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के कार्यकाल में महत्वपूर्ण मंत्री पद संभाले थे।
उनके दामाद रजीउर रहमान किदवई ने बताया कि उन्होंने नोएडा के मेट्रो अस्पताल में सुबह अंतिम सांस ली। कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि उनका निधन पार्टी और राष्ट्र के लिए दुखद अनुभव है।
केरल के कोल्लम में कार की टक्कर से 2 महिला खिलाड़ी घायल, एक की हालत गंभीर

केरल के कोल्लम में कार की टक्कर से दो महिला खिलाड़ी घायल हो गईं। एक की हालत गंभीर है। घटना मंगलवार शाम 6 बजे हुई। पुलिस के मुताबिक यूडीएफ के चुनाव प्रचार में शामिल वाहन ने आश्रमम लिंक रोड पर खिलाड़ियों को टक्कर मारी थी।
घटना के वक्त दोनों पैदल जा रही थीं। यह गाड़ी वरिष्ठ कांग्रेस नेता और UDF प्रत्याशी बिंदु कृष्णा के बेटे के नाम पर रजिस्टर्ड है। ड्राइवर देवानंद को हिरासत में लिया गया है।
कोलकाता एयरपोर्ट पर कार इंडिगो विमान से टकराई, एयरक्राफ्ट को नुकसान

कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कार इंडिगो के विमान से टकरा गई। यह घटना एयरपोर्ट के पार्किंग बे नंबर-51 में हुई, जहां विमान खड़ा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैटरिंग की गाड़ी अचानक आगे बढ़ी और विमान के इंजन से टकरा गई, जिससे विमान को मामूली नुकसान हुआ।
घटना के बाद विमान को जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया है। उसका मेंटेनेंस किया जा रहा है। यह फ्लाइट कोलकाता से गुवाहाटी जाने वाली थी। यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से भेजा गया है।
सुप्रीम कोर्ट बोला- दिव्यांगों की जनरल सीट सभी वर्गों के लिए खुली

सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि दिव्यांगों के लिए जो जनरल सीट होती है, वह किसी एक वर्ग के लिए नहीं बल्कि सभी के लिए खुली होती है। इन सीटों पर चयन सिर्फ मेरिट यानी ज्यादा अंक के आधार पर होगा, न कि सामाजिक श्रेणी के आधार पर।
जस्टिस संजय करोल और जस्टिस एन. कोटिस्वर सिंह की बेंच ने कलकत्ता हाईकोर्ट का फैसला पलट दिया। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि यदि कोई एससी, एसटी या ओबीसी वर्ग का दिव्यांग उम्मीदवार ज्यादा अंक लाता है, तो उसे सिर्फ इसलिए रोका नहीं जा सकता कि वह जनरल कैटेगरी का नहीं है।
अब टोल प्लाजा पर कैश बंद, यूपीआई भी 1.25 गुना महंगा

सड़क परिवहन मंत्रालय ने 10 अप्रैल से राष्ट्रीय राजमार्गों के टोल प्लाजा पर नकद भुगतान पूरी तरह खत्म करने का फैसला किया है। अब फास्टैग ही टोल भुगतान का मुख्य माध्यम रहेगा। बिना वैध फास्टैग वाले वाहन चालक यूपीआई से भुगतान कर सकेंगे, लेकिन उन्हें निर्धारित टोल का 1.25 गुना शुल्क देना होगा। इस कदम का उद्देश्य टोल प्लाजा पर लंबी कतारें कम करना है।







