प्रेमी जोड़े ने लगाई नहर में छलांग: परिजनों से बचने के लिए उठाया खौफनाक कदम, नदी से निकालकर फिर पीटा; 4 पर केस – Ludhiana News
लुधियाना के सिधवां नहर के पास नीलों क्षेत्र में एक नाटकीय घटनाक्रम सामने आया, जहां एक अविवाहित प्रेमी जोड़े ने युवती के परिजनों से बचने के लिए सरहिंद नहर में छलांग लगा दी। दोनों को नहर से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन आरोप है कि युवती के परिजनों ने युवक की दोबारा पिटाई कर दी। परिजनों से बचने के लिए जोड़े ने ये खौफनाक कदम उठाया। इस मामले में कूमकलां थाना पुलिस ने 4 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान कटानी कलां निवासी दीपी, सुखी, रवि और एक अज्ञात व्यक्ति के रूप में हुई है। बाइक पर जा रहे थे, परिजनों ने किया पीछा चंद्रा गांव निवासी 22 वर्षीय फैक्ट्री कर्मी हरमनदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अपनी महिला मित्र के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहा था। इसी दौरान युवती के परिजनों ने उन्हें देख लिया और उनका पीछा करना शुरू कर दिया। हरमनदीप के अनुसार, जब वे नीलों के पास सिरहिंद नहर के निकट पहुंचे तो आरोपियों ने उनकी बाइक रोक ली और उस पर हमला कर दिया। खुद को बचाने के लिए उसकी महिला मित्र ने नहर में छलांग लगा दी। इसके बाद उसने भी नहर में कूदकर जान बचाने की कोशिश की। नहर से निकाला, फिर लोहे की रॉड से हमला पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने दोनों को नहर से बाहर निकाला, लेकिन इसके बाद भी हमला जारी रखा। हरमनदीप ने बताया कि आरोपियों ने उस पर लोहे की रॉड से हमला किया और फिर जबरन एक ऑटो-रिक्शा में बैठाकर कटानी कलां स्थित सिटी सेंटर ले गए, जहां उसकी फिर से पिटाई की गई। उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसकी मां को मौके पर बुलाया और उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया। जाते समय आरोपी उसका मोबाइल फोन भी छीनकर ले गए। कई महीनों से दोस्त थे दोनों मामले की जांच कर रहे कूमकलां थाना के हेड कांस्टेबल जगदीश कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि हरमनदीप और युवती पिछले कुछ महीनों से एक-दूसरे के मित्र थे। उन्होंने कहा कि युवती के परिजनों ने दोनों को साथ देखा, जिसके बाद कथित तौर पर युवक के साथ मारपीट की गई। इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) (मारपीट कर चोट पहुंचाना), 126(2) (गलत तरीके से रोकना), 351(2) (आपराधिक धमकी) और 3(5) (साझा मंशा) के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
Source link

