पंजाबियों को ‘इमोशनल ब्लडी फूल्स’ कहने पर बवाल: मोहाली में कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग – Kharar News

पंजाबियों को ‘इमोशनल ब्लडी फूल्स’ कहने पर बवाल:  मोहाली में कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग – Kharar News




चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा द्वारा पंजाबियों को कथित तौर पर “इमोशनल ब्लडी फूल्स” कहे जाने के बाद राजनीतिक विवाद गहरा गया है। इस बयान के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी मोहाली ने शुक्रवार को खरड़ में चंडीगढ़ हाईवे पर भाजपा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने इसे पंजाब और पंजाबी समाज का अपमान बताते हुए भाजपा नेतृत्व से सार्वजनिक स्पष्टीकरण और माफी की मांग की। जिला कांग्रेस कमेटी मोहाली के अध्यक्ष कमल किशोर शर्मा के नेतृत्व में यह विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष मार्च निकाला और आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं द्वारा बार-बार पंजाब और पंजाबियों के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं, जिससे प्रदेश के लोगों की भावनाएं आहत हो रही हैं। कांग्रेस नेता बोले- मल्होत्रा का बयान पंजाबी समुदाय की गरिमा पर हमला कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जतिंदर पाल मल्होत्रा का बयान किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि पूरे पंजाबी समुदाय की गरिमा पर हमला है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पंजाबियों ने देश की आजादी से लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा, कृषि और उद्योग तक हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, इसलिए उनके बारे में इस प्रकार की भाषा का प्रयोग अस्वीकार्य है। प्रदर्शन के दौरान, कांग्रेस नेताओं ने पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा नेतृत्व इस बयान से सहमत नहीं है, तो उसे सार्वजनिक रूप से इसकी निंदा करनी चाहिए। कांग्रेस ने मांग की कि जतिंदर पाल मल्होत्रा बिना किसी शर्त के पंजाबियों से माफी मांगें। कांग्रेस नेताओं ने यह भी बताया कि विवादित बयान सामने आए कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन भाजपा की ओर से अब तक कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं आई है। उनका कहना था कि इससे यह संदेश जाता है कि पार्टी नेतृत्व इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं ले रहा है। इस प्रदर्शन में स्वर्णजीत कौर, कंवरबीर सिंह सिद्धू, रणजीत सिंह नगलिया, अमित बावा, हर्ष ऋषि, विशाल बट्टू, दीपक कौशल, कुलजीत सिंह बेदी और गौरव जैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *