जगराओं में कांग्रेस-आप वर्करों में झड़प: मोरी गेट पर पत्थरबाजी, कई कार्यकर्ता घायल, पुलिस मामले की जांच में जुटी – Jagraon News
जगराओं में नगर कौंसिल चुनाव प्रचार के अंतिम दिन वार्ड नंबर 13 में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई। मोरी गेट के पास रोड शो के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद ईंट-पत्थर चले और कई कार्यकर्ता घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना मोरी गेट के नजदीक हुई। शुरुआत में दोनों पार्टियों के समर्थक अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में नारे लगा रहे थे। हालांकि, कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और अचानक किसी ने ईंट फेंक दी, जिससे स्थिति बिगड़ गई और दोनों तरफ से पत्थरबाजी शुरू हो गई। इस हंगामे से इलाके में भगदड़ मच गई और दहशत फैल गई। कई कार्यकर्ताओं को लगी चोट झड़प में दोनों पक्षों के कई कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और इलाके में तनाव को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है। जानकारी के मुताबिक, वार्ड नंबर 13 से कांग्रेस उम्मीदवार अनीता रानी और आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार सुनैना मल्होत्रा चुनाव लड़ रही हैं। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन दोनों उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ रोड शो निकाल रहे थे, जब मोरी गेट के पास उनका आमना-सामना हुआ। घटना के बाद दोनों पार्टियों के नेताओं और समर्थकों ने एक-दूसरे पर माहौल खराब करने और पहले हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और वीडियो फुटेज तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link

