जालंधर CIA ने गैंगस्टर डोनी बल्ल के करीबी को दबोचा: 100 ग्राम हेरोइन और दो पिस्तौल बरामद, मोगा का आरोपी जेल से आया था बाहर – Jalandhar News
जालंधर ग्रामीण पुलिस के सीआईए स्टाफ ने सुनील नाटा फिरोजपुर और डोनी बल्ल गिरोह से जुड़े एक मुख्य सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 100 ग्राम हेरोइन, .32 बोर की दो पिस्तौलें, दो जिंदा कारतूस और एक काला साइड बैग बरामद हुआ है। एसएसपी हरविंदर सिंह विरक ने बताया कि इंस्पेक्टर पुष्प बाली को गुप्त सूचना मिली थी। इसमें बताया गया था कि सुच्चा सिंह उर्फ सन्नी लांबड़ा इलाके में बड़े पैमाने पर हेरोइन तस्करी कर रहा है। इस सूचना के आधार पर एस.आई. कश्मीर सिंह के नेतृत्व में सीआईए स्टाफ की टीम ने इलाके में गश्त शुरू की। गश्त के दौरान, पुलिस टीम जब गांव रामपुर लल्लियां के अड्डे के पास पहुंची, तो सड़क किनारे खड़ा एक युवक पुलिस वाहन को देखकर घबरा गया। वह पास बने एक खोखे की ओर जाने लगा। शक होने पर पुलिस ने उसे रोका और तलाशी ली, जिसमें उसके बैग से 100 ग्राम हेरोइन, दो पिस्तौलें और दो कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी की पहचान सुच्चा सिंह उर्फ सन्नी पुत्र सुरजीत सिंह निवासी गांव फतेहगढ़ पंजतूर, जिला मोगा के रूप में हुई। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज उसके खिलाफ थाना लांबड़ा में एफ.आई.आर नंबर 67, दिनांक 23 मई 2026 के तहत एन.डी.पी.एस. एक्ट और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी पहले भी हत्या, आर्म्स एक्ट और नशा तस्करी के कई मामलों में शामिल रहा है। वह विभिन्न जेलों में बंद रह चुका है और मार्च 2026 में फरीदकोट जेल से जमानत पर बाहर आया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने “अभी” नामक व्यक्ति के साथ मिलकर दोबारा हेरोइन तस्करी शुरू की थी। आरोपी के अनुसार, बरामद हेरोइन और हथियार उसे “अभी” ने ही उपलब्ध करवाए थे। पुलिस के मुताबिक, “अभी” विदेश में बैठे गैंगस्टर डोनी बल्ल के संपर्क में है और फिलहाल जमानत पर बाहर आकर छिपा हुआ है।पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की तैयारी कर रही है।
Source link

